Samachar Nama
×

हैदराबाद में अमित शाह का 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' मार्च, नेता बोले- कांग्रेस के झूठ का देंगे जवाब

हैदराबाद में अमित शाह का 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' मार्च, नेता बोले- कांग्रेस के झूठ का देंगे जवाब
हैदराबाद में अमित शाह का 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' मार्च, नेता बोले- कांग्रेस के झूठ का देंगे जवाब

हैदराबाद, 2 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हैदराबाद दौरे से पहले शहर का सियासी माहौल गरमा गया है। हैदराबाद की सड़कों और चौराहों को 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' नारे वाले पोस्टरों और बैनरों से सजा दिया गया है। भारतीय जनता पार्टी का यह कार्यक्रम कांग्रेस और इंडिया गठबंधन द्वारा रामलीला मैदान में रविवार को की गई रैली के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है। भाजपा का कहना है कि कांग्रेस द्वारा एसआईआर और चुनाव आयोग को लेकर फैलाए जा रहे झूठ के खिलाफ यह देशव्यापी जागरूकता अभियान है।

भाजपा की राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने इस मार्च को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा, "अमित शाह आज हैदराबाद आ रहे हैं। 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान के तहत पूरे देश में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और यह कार्यक्रम भी उसी श्रृंखला का हिस्सा है।"

रेखा शर्मा ने कहा कि अमित शाह तेलंगाना के हैदराबाद इसलिए आ रहे हैं ताकि वे चुनाव का बिगुल फूंक सकें और यह घोषणा कर सकें कि तेलंगाना में अगली सरकार भारतीय जनता पार्टी ही बनाएगी। उन्होंने कहा, "आज की तारीख और समय नोट कर लीजिए। अगले चुनावों के बाद हम आपको याद दिलाएंगे कि हमने कहा था कि अमित शाह यहां बिगुल फूंकने आ रहे हैं।"

हैदराबाद में भाजपा नेता मनमीत सिंह ने कहा, "कांग्रेस ने पूरे देश में झूठ की अराजकता फैला रखी है। उसके खिलाफ भारतीय जनता पार्टी पूरे देश में महा पदयात्रा निकाल रही है। हम लोगों को सच्चाई से वाकिफ करा रहे हैं। कांग्रेस सिर्फ झूठ की राजनीति कर रही है।"

भाजपा प्रवक्ता महेश नामानी ने रैली के आयोजन को लेकर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह रैली सेंटर सोसाइटी फॉर डेमोक्रेसी और पीपल फॉर डेमोक्रेसी नामक फोरम द्वारा आयोजित की जा रही है।

उन्होंने कहा, "देश में कांग्रेस के राहुल गांधी द्वारा एसआईआर को लेकर झूठ की गूंज चलाई जा रही है। इसके खिलाफ गृह मंत्री अमित शाह यहां से मुंहतोड़ जवाब देने वाले हैं।"

रामलीला मैदान की रैली पर तंज कसते हुए महेश नामानी ने कहा, "कल रामलीला मैदान में उनका ड्रामा चला था, लेकिन आज यहां से देश के लोगों की असली आवाज उठेगी। यहां आम जनता लाखों की संख्या में आ रही है, पूरा हैदराबाद जाम हो चुका है। कल रामलीला मैदान कितना खाली था, वह सब जानते हैं। उन्होंने 28 हजार कुर्सियां लगाई थीं, लेकिन उन 28 हजार कुर्सियों पर बैठने के लिए भी लोग नहीं थे।"

उन्होंने कहा कि यह बेहद महत्वपूर्ण है कि यह कार्यक्रम हैदराबाद में हो रहा है, जहां कांग्रेस की सरकार सत्ता में है। यहीं से गृह मंत्री अमित शाह बताएंगे कि कांग्रेस ने किस तरह से लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ किया है और लोकतंत्र की हत्या की है।

उन्होंने आगे कहा, "जहां ओवैसी जैसे लोग कहते हैं कि हैदराबाद हमारा है, वहीं मार्केट में ही अमित शाह का भाषण होगा। पूरा तेलंगाना गृह मंत्री के आने का इंतजार कर रहा है। हम सब मानते हैं कि हैदराबाद को विमुक्ति सरदार वल्लभ भाई पटेल ने दिलाई थी। उस जमाने को हम नहीं देख पाए, लेकिन गृह मंत्री अमित शाह को देखने का मौका मिला है। इसी वजह से आज तेलंगाना के अलग-अलग कोनों से लोग गृह मंत्री अमित शाह को देखने और उनका भाषण सुनने के लिए आ रहे हैं।"

--आईएएनएस

पीआईएम/एबीएम

Share this story