पत्नी को कैंसर से जूझता छोड़ विदेश नहीं जाना चाहता था पति, वीडियो में जाने फ्लाइट के टॉयलेट में लिपस्टिक से लिखी हाईजैक की धमकी; 7 घंटे रुकी रही उड़ान
कोलकाता में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां कैंसर से जूझ रहे एक शख्स ने विदेश जाने से बचने के लिए विमान को हाईजैक करने की झूठी धमकी दे दी। आरोपी अपनी कैंसर पीड़ित पत्नी को अकेला छोड़कर विदेश नहीं जाना चाहता था। इसके लिए उसने विमान के टॉयलेट में जाकर लिपस्टिक से एक नोट लिख दिया। इसमें लिखा था- 'प्लेन हाईजैक होगा।' नोट मिलने के बाद विमान में हड़कंप मच गया। सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत जांच शुरू कर दी और फ्लाइट को 7 घंटे से ज्यादा समय तक उड़ान भरने से रोक दिया गया। मामला बुधवार सुबह कोलकाता एयरपोर्ट का है।
आरोपी की पहचान 56 वर्षीय पार्थ प्रतिम नंदी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान उसने विमान को हाईजैक करने की झूठी धमकी देने की बात कबूल की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी खुद भी कैंसर से जूझ रहा है और उसकी पत्नी भी इस गंभीर बीमारी से पीड़ित है।
नौकरी के लिए जाना था मुंबई और फिर अफ्रीका
पुलिस के अनुसार, पार्थ प्रतिम नंदी को नौकरी के सिलसिले में पहले मुंबई और फिर अफ्रीका जाना था। इसके लिए वह कोलकाता एयरपोर्ट से विमान में सवार हो चुका था। हालांकि, फ्लाइट में बैठने के कुछ समय बाद ही उसके मन में अपनी पत्नी को लेकर विचार आने लगे।उसे महसूस हुआ कि कैंसर से जूझ रही पत्नी को इस हालत में अकेला छोड़कर विदेश जाना ठीक नहीं होगा। आरोपी खुद भी कैंसर का इलाज करा रहा है। ऐसे में उसे अपनी और पत्नी की बीमारी को लेकर चिंता सताने लगी। वह किसी भी हाल में विदेश जाने से बचना चाहता था, लेकिन विमान से उतरने का कोई रास्ता नहीं सूझ रहा था।
टॉयलेट में लिपस्टिक से लिखा हाईजैक का नोट
पुलिस के मुताबिक, पार्थ प्रतिम ने फ्लाइट रुकवाने के लिए एक खतरनाक तरीका अपनाया। वह विमान के टॉयलेट में गया और वहां लिपस्टिक से एक नोट लिख दिया। इस नोट में विमान को हाईजैक करने की धमकी दी गई थी। आरोपी को उम्मीद थी कि धमकी मिलने के बाद सुरक्षा कारणों से फ्लाइट रद्द हो जाएगी और उसे अपनी पत्नी के पास वापस जाने का मौका मिल जाएगा।हालांकि, उसकी इस हरकत के बाद विमान में सुरक्षा को लेकर अफरा-तफरी मच गई। धमकी की जानकारी मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। विमान को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर जांच की गई। अधिकारियों ने विमान और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े सभी जरूरी कदम उठाए।
7 घंटे से ज्यादा समय तक रुकी रही फ्लाइट
हाईजैक की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की गंभीरता से जांच की। इस वजह से विमान 7 घंटे से ज्यादा समय तक उड़ान नहीं भर सका। जांच के दौरान आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में लिया गया। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में पार्थ प्रतिम ने बताया कि उस समय उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। वह अपनी पत्नी को अकेला छोड़कर विदेश नहीं जाना चाहता था। इसी वजह से उसने विमान को रोकने के लिए हाईजैक की झूठी धमकी दी। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

