Samachar Nama
×

Hurun Rich List 2026: अडाणी परिवार बना देश का सबसे अमीर, अंबानी दूसरे नंबर पर; AI से बने नए अरबपति

Hurun Rich List 2026: अडाणी परिवार बना देश का सबसे अमीर, अंबानी दूसरे नंबर पर; AI से बने नए अरबपति

भारत के सबसे अमीर लोगों की नई सूची में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। M3M हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 के मुताबिक गौतम अडाणी और उनका परिवार देश के सबसे अमीर परिवार बन गए हैं। अडाणी परिवार ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और उनके परिवार को पीछे छोड़कर पहला स्थान हासिल किया है।

23 सितंबर को जारी रिपोर्ट के अनुसार, गौतम अडाणी की संपत्ति में इस साल 13 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और उनकी कुल संपत्ति बढ़कर करीब 9.23 लाख करोड़ रुपये हो गई। दूसरी तरफ मुकेश अंबानी और उनके परिवार की संपत्ति में 10 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। इसके बाद अंबानी परिवार करीब 8.63 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ दूसरे स्थान पर रहा।

इस साल की हुरुन रिच लिस्ट में 1,000 करोड़ रुपये या उससे ज्यादा संपत्ति वाले कुल 1,810 लोगों को शामिल किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, सूची में शामिल सभी अमीरों की संयुक्त संपत्ति सालाना आधार पर 12.8 फीसदी बढ़कर करीब 187.5 लाख करोड़ रुपये हो गई है।

टॉप-3 में एलएन मित्तल की बड़ी छलांग

इस साल की सूची में आर्सेलरमित्तल के एलएन मित्तल और उनका परिवार भी बड़ी छलांग लगाकर टॉप-3 में पहुंच गया है। मित्तल परिवार आठ पायदान ऊपर चढ़कर तीसरे स्थान पर पहुंचा। उनकी संपत्ति में करीब 93 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और कुल संपत्ति लगभग 3.39 लाख करोड़ रुपये आंकी गई है।

रिपोर्ट में इस बढ़ोतरी के पीछे यूरोप में स्टील ट्रेड से जुड़े संरक्षणात्मक उपायों और स्टील की कीमतों में आए बदलाव को प्रमुख वजहों में बताया गया है।

वहीं, वेदांता के अनिल अग्रवाल और उनका परिवार 87 फीसदी संपत्ति वृद्धि के साथ करीब 2.08 लाख करोड़ रुपये की नेटवर्थ पर पहुंच गया और सूची में नौवें स्थान पर रहा।

टॉरेंट फार्मास्युटिकल्स के समीर मेहता और उनका परिवार भी पहली बार टॉप-10 में शामिल हुआ है। उनकी संपत्ति में 52 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई और कुल नेटवर्थ करीब 1.89 लाख करोड़ रुपये आंकी गई।

पहली बार AI सेक्टर को मिली अलग जगह

इस बार हुरुन रिच लिस्ट में पहली बार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI को अलग सेक्टर के तौर पर शामिल किया गया है। AI से जुड़े कुल 19 अमीरों ने इस सूची में जगह बनाई है और इनकी संयुक्त संपत्ति करीब 3.07 लाख करोड़ रुपये बताई गई है।

खास बात यह है कि इनमें से 15 नाम पहली बार हुरुन रिच लिस्ट में शामिल हुए हैं। इन नए AI बिजनेस पर्सन ने मिलकर करीब 1.82 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति जोड़ी है।

AI सेक्टर से सूची में शामिल प्रमुख नामों में कंट्रोल एस डेटासेंटर्स, योट्टा, एस्टेरा लैब्स, पैरेलल वेब सिस्टम्स, सर्वम AI और इमर्जेंट AI जैसी कंपनियों के प्रमोटर शामिल हैं।

28 साल के तनय कोठारी और सहज गर्ग सबसे युवा AI बिजनेस पर्सन

AI सेक्टर ने युवा उद्यमियों के लिए भी बड़ा अवसर पैदा किया है। AI कंपनी विस्प्र फ्लो के संस्थापक तनय कोठारी और सहज गर्ग इस सूची में शामिल होने वाले सबसे युवा AI बिजनेस पर्सन बने हैं।

दोनों की उम्र 28 साल है और रिपोर्ट के मुताबिक दोनों में से प्रत्येक की संपत्ति करीब 4,200 करोड़ रुपये आंकी गई है।

भारत में 391 डॉलर अरबपति

भारत में डॉलर अरबपतियों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले एक साल में भारत में 27 नए डॉलर अरबपति जुड़े हैं। इसके साथ ही देश में 1 अरब डॉलर से ज्यादा संपत्ति वाले लोगों की संख्या बढ़कर रिकॉर्ड 391 हो गई है।

पांच साल पहले भारत में ऐसे अरबपतियों की संख्या 237 थी। वहीं, पूरी हुरुन रिच लिस्ट में इस साल 128 नए लोग शामिल हुए हैं। पिछले पांच साल में सूची में 803 नए नाम जुड़ चुके हैं।

रिपोर्ट की एक और खास बात यह है कि सूची में शामिल करीब 70 फीसदी यानी 1,266 लोग सेल्फ-मेड हैं। यानी उन्होंने अपनी संपत्ति खुद के कारोबार या पेशेवर उपलब्धियों के जरिए बनाई है।

इंडस्ट्रियल प्रोडक्ट्स सेक्टर सबसे आगे

सेक्टर के हिसाब से देखें तो हुरुन रिच लिस्ट में सबसे ज्यादा अमीर इंडस्ट्रियल प्रोडक्ट्स सेक्टर से हैं। इस क्षेत्र से 166 लोग सूची में शामिल हैं।

इसके बाद केमिकल्स सेक्टर से 142 और फार्मास्युटिकल्स सेक्टर से 136 अमीर इस सूची में शामिल हैं।

शहरों की बात करें तो मुंबई सबसे आगे है। यहां हुरुन रिच लिस्ट में शामिल 465 अमीर रहते हैं। इसके बाद नई दिल्ली में 236 और बेंगलुरु में 129 अमीरों का नाम सूची में है।

रोशनी नादर मल्होत्रा सबसे अमीर महिला

हुरुन रिच लिस्ट 2026 में महिलाओं की संख्या भी बढ़ी है। इस बार कुल 131 महिलाएं सूची में शामिल हैं, जबकि पिछले साल यह संख्या 100 थी।

HCL Technologies की रोशनी नादर मल्होत्रा और उनका परिवार करीब 2.79 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ देश की सबसे अमीर महिला के रूप में सूची में शामिल हैं।

इस तरह 2026 की हुरुन रिच लिस्ट में एक तरफ अडाणी परिवार ने शीर्ष स्थान हासिल किया है, तो दूसरी तरफ AI सेक्टर के तेजी से उभरने और युवा उद्यमियों के सूची में शामिल होने से भारत के अमीरों की तस्वीर में भी बदलाव देखने को मिला है।

Share this story

Tags