Samachar Nama
×

हुनरमंद युवाओं का रोजगार कोई नहीं छीन सकता: पीएम मोदी

हुनरमंद युवाओं का रोजगार कोई नहीं छीन सकता: पीएम मोदी
हुनरमंद युवाओं का रोजगार कोई नहीं छीन सकता: पीएम मोदी

लखनऊ, 21 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले समय में डिग्री और कागजी प्रमाणपत्रों से ज्यादा हुनर और कौशल रखने वाले लोगों की कद्र होगी। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के दौर में भी जिस व्यक्ति के पास कौशल है, उसका रोजगार कोई नहीं छीन सकता।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्हें खुशी है कि केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्री जयंत चौधरी ने कौशल विकास से जुड़े इतने बड़े कार्यक्रम के लिए लखनऊ को चुना। उत्तर प्रदेश से सांसद होने के नाते यह उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने देश के अलग-अलग हिस्सों से आए युवाओं का स्वागत करने का अवसर मिलने को अपना सौभाग्य बताया।

पीएम मोदी ने आईआईटी और आईटीआई के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि उनके लिए दोनों ही संस्थान देश की अमानत, सामर्थ्य और भविष्य हैं। आईटीआई में पढ़ाई के दौरान युवाओं ने जो हुनर सीखा है, वह विकसित भारत की बड़ी ऊर्जा है।

उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल का अनुभव साझा करते हुए बताया कि उस दौरान उन्होंने अधिकारियों से यह पता लगाने को कहा था कि सुबह जागने से लेकर रात को सोने तक और जन्म से लेकर मृत्यु तक व्यक्ति, परिवार तथा समाज को किन-किन कौशलों की आवश्यकता होती है। शुरुआत में अधिकारियों ने 30-35 तरह के कामों की सूची तैयार की, लेकिन विस्तृत अध्ययन के बाद ऐसे करीब 1,000 काम सामने आए, जिनके लिए विशेष कौशल की जरूरत थी। उन्होंने कहा कि यही कौशल हमारे समाज को गतिमान बनाए रखते हैं। इसके बाद गुजरात में कौशल विकास का आधुनिक इकोसिस्टम तैयार करने पर जोर दिया गया।

प्रधानमंत्री ने भारत की पारंपरिक कौशल व्यवस्था को नुकसान पहुंचने का जिक्र करते हुए कहा कि जब आक्रांता भारत आए तो उन्होंने सबसे पहले यहां के हुनर पर चोट की। उन्होंने दावा किया कि पारंपरिक कारीगरों के कौशल और उनकी क्षमता को कमजोर करने के लिए उनके अंगूठे तक काट दिए जाते थे, क्योंकि हुनर ही भारत की समृद्धि और महानता का आधार था।

उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के शासनकाल में भी कौशल आधारित शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचा। मैकाले की शिक्षा व्यवस्था के जरिए ऐसी प्रणाली थोपने की कोशिश की गई, जिसमें कौशल के बजाय कागजी काम करने वाले क्लर्क तैयार करने पर जोर रहा। प्रधानमंत्री ने कहा कि धीरे-धीरे समाज में ऐसी स्थिति बन गई कि आईटीआई में दाखिला लेने वाले बच्चों के माता-पिता भी रिश्तेदारों को यह बात बताने से कतराने लगे।

पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने इस मानसिकता को बदलने का संकल्प लिया है। आईआईटी के विद्यार्थियों को जितना सम्मान मिलता है, उतना ही सम्मान आईटीआई के विद्यार्थियों को भी मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कोट-पैंट और टाई पहनकर कागजी प्रमाणपत्र लेकर घूमने वालों की तुलना में हुनर रखने वाले लोगों की मांग और कद्र ज्यादा बढ़ेगी।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में निवेश और सोने की खरीदारी को लेकर संसद में पहले दिए गए बयानों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में उन्होंने संसद में लोगों से भारत सरकार के सार्वजनिक उपक्रमों (PSUs) के बॉन्ड में निवेश करने की बात कही थी। उस समय उनका मजाक उड़ाया गया, लेकिन आज उनके मुताबिक जिन लोगों ने निवेश किया, उन्हें लाभ हुआ है।

उन्होंने एक साल पहले देशवासियों से अपील की थी कि यदि जरूरी न हो तो एक साल तक सोना न खरीदें। पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें खुशी है कि लोगों ने सोने की खरीदारी कम की और सोने के दाम में गिरावट आई।

प्रधानमंत्री ने कहा कि 21वीं सदी का भारत और 20 साल बाद का विकसित भारत कौशल को सम्मान देकर ही आगे बढ़ सकता है। इसी दिशा में सरकार ने 'श्रमेव जयते' की भावना के साथ कई कदम उठाए हैं। कौशल विकास के लिए अलग मंत्रालय बनाया गया है, ताकि युवाओं को हुनरमंद बनाने और उनकी क्षमताओं को रोजगार से जोड़ने पर काम किया जा सके।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से रोजगार पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों को लेकर उठ रही चिंताओं पर प्रधानमंत्री ने कहा कि आज चर्चा हो रही है कि एआई किसी का रोजगार छीन लेगा, लेकिन युवाओं को यह बात समझनी चाहिए कि जिसके पास कौशल है, उसका रोजगार कोई नहीं छीन सकता। उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति हुनर सीखता है तो वह केवल मशीनों पर काम नहीं करता, बल्कि लोगों की जिंदगी आसान बनाता है और देश का सामर्थ्य बढ़ाता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अब दुनिया की 'स्किल कैपिटल' बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story

Tags