'हम पिछले साल भी इस स्थिति में थे', बांग्लादेश के खिलाफ 'करो या मरो' मुकाबले से पहले बोलीं शेफाली
नई दिल्ली, 25 जून (आईएएनएस)। महिला टी20 विश्व कप 2026 के 23वें मुकाबले में भारतीय टीम की भिड़ंत बांग्लादेश से होगी। सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए हरमनप्रीत की कप्तानी वाली भारतीय टीम को हर हाल में बांग्लादेश के खिलाफ जीत दर्ज करनी होगी। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा का कहना है कि टीम इस तरह की स्थिति में पिछले साल खेले गए वनडे विश्व कप में भी थी, लेकिन टीम वापसी करने में सफल रही।
शेफाली वर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए कहा, "कप्तान हरमनप्रीत कौर ने हडल के दौरान खिलाड़ियों को याद दिलाया कि टीम पहले भी ऐसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना कर चुकी है। उन्होंने हम सभी से कहा कि यह पहली बार नहीं है जब हम ऐसी स्थिति में हैं। पिछले साल भी हम इसी तरह के दबाव में थे और उससे सफलतापूर्वक बाहर निकले थे। ऐसे में मुझे लगता है कि मुश्किल स्थिति वो है, जिसका सामना आप अपनी जिंदगी में पहली बार कर रहे हों।"
शेफाली ने आगे कहा, "हमने वनडे क्रिकेट में भी हमने ऐसी परिस्थिति को स्वीकार किया था और अंत में जीत हासिल की थी। हमें पता है कि अब आगे बढ़ने के लिए दोनों मैच जीतने होंगे। इसके लिए हमें बेहतर तैयारी करनी होगी और खिलाड़ियों के रूप में एक-दूसरे का समर्थन करते हुए सही बातचीत बनाए रखना होगा। इस बार हम देखेंगे कि पिछली दफा हम इस तरह की स्थिति से कैसे बाहर निकले थे। टीम की हर खिलाड़ी इस चुनौती के लिए तैयार है।"
तीन मुकाबलों के बाद भारतीय टीम के 4 प्वाइंट हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ मिली हार ने भारतीय टीम की राह मुश्किल कर दी है। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए भारतीय टीम को अब अगले दो मुकाबलों में बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत दर्ज करनी होगी। इन दो मुकाबलों में जीत के बावजूद भारतीय टीम को साउथ अफ्रीका से नेट रन रेट के मुकाबले में आगे बने रहना होगा। फिलहाल भारतीय टीम ग्रुप एक की अंक तालिका में बेहतर नेट रन रेट होने की वजह से दूसरे नंबर पर मौजूद है, जबिक साउथ अफ्रीका तीसरे नंबर पर काबिज है।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी

