'हम हमेशा उनके खिलाफ एक कदम आगे रहते हैं', पाकिस्तान के खिलाफ महामुकाबले से पहले बोलीं दीप्ति
दुबई, 4 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने महिला एशिया कप 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले भारत के शानदार रिकॉर्ड की वजह से कोई खास मानसिक फायदा मिलने की बढ़त को साफतौर पर नकारा है। उन्होंने साफ किया कि टीम पुराने रिकॉर्ड के बारे में नहीं सोच रही है। दीप्ति के मुताबिक, भारत का पूरा ध्यान अपने खेल पर है और टीम हर मैच में प्रतिद्वंद्वी से एक कदम आगे रहने की कोशिश कर रही है।
भारत और पाकिस्तान की टीमें दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में शनिवार (5 सितंबर) को 18वीं बार एक-दूसरे के खिलाफ मैदान पर उतरेंगी। इस प्रतिद्वंद्विता में भारत का पलड़ा काफी भारी रहा है। भारत ने अब तक खेले 17 मुकाबलों में से 14 में जीत दर्ज की है। पिछले बार यह दोनों टीमें महिला टी20 वर्ल्ड कप के दौरान आमने-सामने आई थीं, जहां भारत ने स्मृति मंधाना के 68 रन और दीप्ति शर्मा के पांच विकेट की बदौलत 64 रन से जीत हासिल की थी।
मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में दीप्ति ने पत्रकारों से कहा, "देखिए, ऐसा कोई फायदा नहीं है। बात बस इतनी है कि हमने उनके खिलाफ जो भी मैच जीते हैं - चाहे वह एशिया कप हो या कोई और मैच - हम हमेशा उनसे एक कदम आगे रहे हैं, बस यही बात है। हम बस यही चाहते हैं कि एक टीम के तौर पर उनके खिलाफ अच्छा क्रिकेट खेलें।"
सात बार की चैंपियन भारतीय टीम पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुकी है। भारतीय टीम ने टूर्नामेंट का आगाज थाईलैंड को हराकर किया था, जबकि दूसरे मुकाबले में हांगकांग को धूल चटाई। हालांकि, दीप्ति ने कहा कि टीम का मुख्य ध्यान सामूहिक प्रदर्शन और जीत का सिलसिला बनाए रखने पर है।
भारतीय ऑलराउंडर ने कहा, "देखिए, पूरी टीम अच्छा प्रदर्शन कर रही है। चाहे आप बॉलिंग यूनिट को देखें या बैटिंग यूनिट को। अगर मैं हांगकांग, चीन के खिलाफ हुए मैच की बात करूं, तो मुझे लगता है कि दोनों चीजें संतुलित थीं। जिस खिलाड़ी का दिन अच्छा होता है, वह बेहतर करने और खेल को आगे ले जाने की कोशिश करती है। उसके आस-पास के खिलाड़ी उसे सकारात्मक बातें बताते हैं ताकि वह अपने खेल में और बेहतर कर सके। हमारी टीम भी अच्छी है और उनके गेंदबाज भी अच्छे हैं। हम यह जानते हैं, लेकिन हम अपनी ताकत पर अधिक ध्यान देते हैं।"
स्मृति मंधाना का प्रदर्शन हांगकांग, चीन के खिलाफ शानदार रहा और उन्होंने 64 गेंदों में 124 रनों की तूफानी पारी खेली। मंधाना के साथ-साथ शेफाली वर्मा भी अच्छी फॉर्म में हैं। हालांकि, मध्यक्रम में टीम की बल्लेबाज क्रीज पर ज्यादा समय बिताने में नाकाम रही हैं। वहीं, थाईलैंड पर हालिया जीत के बावजूद पाकिस्तान पर टॉप-ऑर्डर की बल्लेबाजी की कमजोरियों को दूर करने का दबाव बना हुआ है।
इस मैच के लिए संभावित प्लेइंग इलेवन में बदलाव के बारे में पूछे जाने पर, दीप्ति का मानना था कि सिलेक्शन से जुड़े फैसले मैनेजमेंट पर ही छोड़ देने चाहिए। मैं आपको यह नहीं बता सकती कि लाइनअप वगैरह क्या होगी। यह मैनेजमेंट का फैसला है। हम बस अच्छी क्रिकेट खेलना चाहते हैं। बॉलिंग और बैटिंग यूनिट के तौर पर टीम ने पिछले दो मैचों में बहुत अच्छा और संतुलित खेल दिखाया है और हम इसी सोच को बनाए रखना चाहते हैं।
--आईएएनएस
एसएम/एबीएम

