Samachar Nama
×

कर्नाटक के हुलिमावु में ट्रैफिक पुलिसकर्मी से मारपीट, आरोपी गिरफ्तार

कर्नाटक के हुलिमावु में ट्रैफिक पुलिसकर्मी से मारपीट, आरोपी गिरफ्तार
कर्नाटक के हुलिमावु में ट्रैफिक पुलिसकर्मी से मारपीट, आरोपी गिरफ्तार

बेंगलुरु, 17 अगस्त (आईएएनएस)। कर्नाटक के हुलिमावु ट्रैफिक पुलिस स्टेशन के एक कॉन्स्टेबल के साथ मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।

यह घटना रविवार दोपहर 3 बजे बी.जी. रोड के गोट्टिगेरे जंक्शन पर हुई। पुलिस कॉन्स्टेबल अरुण मंजप्पा बडागौद्रा उस समय अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। तभी एक व्यक्ति वहां पहुंचा और उनसे बहस करने लगा। आरोप है कि उस व्यक्ति ने पुलिसकर्मी से गालीगलौज की, सिर से टक्कर मारी और चेहरे पर मुक्का मार दिया।

इससे कॉन्स्टेबल को चोटें आईं और खून भी बहने लगा। हमलावर ने पुलिसकर्मी को अपना काम करने से रोका और फिर मौके से भाग निकला।

घायल कॉन्स्टेबल ने हुलिमावु पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी। सोमवार सुबह पुलिस टीम ने आरोपी का पता लगा लिया और उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी का नाम मंजूनाथ सी. है। वह गोट्टिगेरे मंजन्ना के नाम से भी जाना जाता है। 65 वर्षीय मंजूनाथ वीआईपी स्ट्रीट, गोट्टिगेरे, बी.जी. रोड, बेंगलुरु का रहने वाला है।

प्राप्त जानकारी के मतुाबिक, आरोपी ने जानबूझकर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी पर हमला किया। इस मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी।

यह पूरा ऑपरेशन इलेक्ट्रॉनिक सिटी डिवीजन के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस श्री नारायण एम. (आईपीएस) के मार्गदर्शन में और इलेक्ट्रॉनिक सिटी सब-डिवीजन के असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस सतीश के.एम. के नेतृत्व में चलाया गया।

हुलिमावु पुलिस स्टेशन के पुलिस इंस्पेक्टर जगदीश आर. और उनकी टीम ने आरोपी को सफलतापूर्वक पकड़ा। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे कानून का सम्मान करें और पुलिस कर्मियों के साथ सहयोग करें।

ड्यूटी पर तैनात किसी भी पुलिसकर्मी के साथ अभद्र व्यवहार या मारपीट करना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस इस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

--आईएएनएस

एसएचके/पीएम

Share this story

Tags