होली को लेकर डीयू के प्रॉक्टोरियल बोर्ड की मीटिंग, ‘वामिका’ से होगी निगरानी
नई दिल्ली, 24 फरवरी (आईएएनएस)। दिल्ली विश्वविद्यालय ने बीते दिनों कैंपस में विरोध, प्रदर्शन व रैली पर एक महीने तक रोक लगा दी थी। यह निर्णय शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए लिया गया था। अब होली पर माहौल न बिगड़े व खासकर लड़कियों के साथ बदतमीजी न हो इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने कैंपस में व्यापक सुरक्षा इंतजाम लागू करने का निर्णय किया है।
4 मार्च को होली है, लेकिन उससे पहले ही दिल्ली विश्वविद्यालय प्रशासन ने साफ कर दिया है कि त्योहार के नाम पर कोई गड़बड़ी नहीं होने दी जाएगी। खासकर लड़कियों के साथ बदतमीजी या होली खेलने की जबरदस्ती करने वालों पर सख्त एक्शन होगा। दिल्ली विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार विकास गुप्ता की तरफ से जारी आधिकारिक जानकारी में कहा गया है कि होली से पहले पूरा हफ्ता कैंपस में होली का माहौल रहता है। इसी को देखते हुए प्रॉक्टोरियल बोर्ड की एक ऑनलाइन मीटिंग हुई।
इसमें डीयू के विभिन्न कॉलेजों के प्रिंसिपल, डीन, हॉस्टल के प्रोवोस्ट और पुलिस अफसर शामिल हुए। सबने मिलकर प्लान बनाया कि किसी भी तरह की हुड़दंगबाजी नहीं होने दी जाएगी। किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता, हुड़दंग या महिला छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए संयुक्त रणनीति तैयार की गई।
विश्वविद्यालय ने कैंपस, कॉलेजों और छात्रावासों में आंतरिक और बाहरी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया है। खासतौर पर महिला छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने कहा है कि त्योहार की आड़ में किसी भी तरह की अभद्रता या जबरदस्ती करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ और साउथ कैंपस में संयुक्त नियंत्रण कक्ष स्थापित कर दिए गए हैं। ये नियंत्रण कक्ष 4 मार्च तक सक्रिय रहेंगे। विश्वविद्यालय के मुताबिक नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रहेंगे और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
विश्वविद्यालय के सुरक्षा कर्मियों और स्थानीय पुलिस अधिकारियों की संयुक्त मोबाइल गश्त भी परिसर में लगातार जारी रहेगी। पुलिस के ‘वामिका’ नामक विशेष वाहन के माध्यम से 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा, आपात स्थिति में संपर्क के लिए थाना मौरिस नगर के एसएचओ का मोबाइल नंबर 8750870128 जारी किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है।
वहीं, विश्वविद्यालय ने दोहराया है कि होली का त्योहार आपसी प्रेम, सौहार्द और सम्मान का प्रतीक है, इसलिए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी छात्र-छात्राएं और कर्मचारी सुरक्षित वातावरण में उत्सव मना सकें। प्रशासन ने विद्यार्थियों से भी अपील की है कि वे अनुशासन बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि की सूचना तुरंत नियंत्रण कक्ष या संबंधित अधिकारियों को दें। छात्रों का यह सहयोग परिसर में शांति और सुरक्षा कायम में सहायक होगा।
गौरतलब है कि इससे पहले दिल्ली विश्वविद्यालय ने 17 फरवरी को एक आदेश जारी कर कैंपस में सभी तरह के विरोध-प्रदर्शन, रैली और पब्लिक गेदरिंग पर एक महीने के लिए रोक लगा दी थी। दरअसल यह कदम इसलिए उठाना पड़ा था क्योंकि बीते दिनों दिल्ली विश्वविद्यालय में हुए प्रदर्शनों में आयोजक भीड़ को संभालने में नाकाम रहे थे। इससेकैंपस की कानून-व्यवस्था बिगड़ गई थी।
--आईएएनएस
जीसीबी/एएस

