'हित चिंतक' अभियान से एक करोड़ लोगों को जोड़ने का लक्ष्य, राहुल गांधी के बयान पर वीएचपी का पलटवार
सूरत, 23 नवंबर (आईएएनएस)। विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय संयुक्त महासचिव गोपाल जी ने 22 नवंबर से 6 दिसंबर तक चलाए गए संगठन के राष्ट्रव्यापी 'हितचिंतक' अभियान के बारे में बात की।
गोपाल जी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि विश्व हिंदू परिषद द्वारा संपूर्ण देश में अभियान चल रहा है। इसमें हिंदुओं के घर-घर जाना, संस्थाओं में जाकर संपर्क करना, वीएचपी के कार्य के बारे में बताना और समाज के लोगों से विश्व हिंदू परिषद से जुड़ने का निवेदन करना शामिल है। 15 साल से ऊपर के हिंदुओं को हित चिंतक बनाने का प्रयास करते हैं।
उन्होंने कहा कि इस अभियान में कार्यकताओं को बल प्रदान करने के लिए केंद्र के मंत्री के रूप में यहां आया हूं। हमारा विश्वास है कि इस अभियान के तहत देशभर में 15 दिनों में एक करोड़ लोगों को जोड़ेंगे। वहीं अगर गुजरात की बात करें तो यह लक्ष्य 10 लाख लोगों को जोड़ने का है।
चुनाव के दौरान आरएसएस भाजपा के लिए सक्रिय होने के विपक्ष के आरोपों पर गोपाल जी ने कहा कि संघ सदा सक्रिय रहता है। हम हर तीन साल में एक बार संपर्क अभियान चलाते हैं और यह राष्ट्रव्यापी 'हितचिंतक' भी उसी का हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि संघ की शताब्दी की वजह से संपर्क अभियान एक साल के लिए रोक दिया गया था। हाल ही में अशोक सिंघल की जन्मशताब्दी कार्यक्रम देशभर में किया गया, इसका भी प्रचार हुआ था। यह विपक्ष के लिए मुद्दा है, वह मुद्दा बनाते रहते हैं। हमें उनकी चिंता क्यों करें।
यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा के 'राधे-राधे कमल खिला दे' नारे से लगता है कि कमल मुरझा गया है। इस पर गोपाल जी ने इस बयान पर मैं कोई प्रतिक्रिया नहीं दूंगा। इसका जवाब सीएम योगी और भाजपा ही दे सकती है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणियों की आलोचना करते हुए विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय संयुक्त महासचिव गोपाल जी ने कहा कि राहुल गांधी कौन हैं, यह पूरा देश जानता है। इस पर कमेंट करने की कोई जरूरत नहीं है। राहुल गांधी कैसे हैं, उनकी श्रद्धा और विचारधारा क्या है, लोग सब जानते हैं। इस पर बयान देकर विश्व हिंदू परिषद का व्यक्तित्व खराब नहीं करना चाहता।
दरअसल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर अर्ध नारीश्वर की मूर्ति साझा कर आरएसएस-भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने दोनों संगठन के नेताओं को असभ्य, जातिवादी और पुरुषवादी बताते हुए धार्मिक-आध्यात्मिक समझ नहीं होने का आरोप लगाया है।
--आईएएनएस
एएसएच/वीसी

