Samachar Nama
×

'हिंदुस्तान न बांग्लादेश बन सकता और न पाकिस्तान, यहां अपनी संस्कृति', विपक्ष के प्रदर्शन पर बोले स्वतंत्र देव सिंह

'हिंदुस्तान न बांग्लादेश बन सकता और न पाकिस्तान, यहां अपनी संस्कृति', विपक्ष के प्रदर्शन पर बोले स्वतंत्र देव सिंह
'हिंदुस्तान न बांग्लादेश बन सकता और न पाकिस्तान, यहां अपनी संस्कृति', विपक्ष के प्रदर्शन पर बोले स्वतंत्र देव सिंह

लखनऊ, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने विपक्ष के विरोध प्रदर्शन पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान न बांग्लादेश बन सकता है, न पाकिस्तान बन सकता है। यहां की संस्कृति अपनी है और यहां 'सबका साथ, सबका विकास और सभी का विश्वास' के साथ हम लोग चलते हैं।

मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा, "हिंदुस्तान न बांग्लादेश बन सकता है, न पाकिस्तान बन सकता है। यहां की संस्कृति अपनी है और यहां 'सबका साथ, सबका विकास और सभी का विश्वास' के साथ हम लोग चलते हैं। पाकिस्तान हो चाहे बांग्लादेश हो, वहां लोग खुलेआम अपने मंदिर में नहीं जा सकते हैं। हिंदू धर्म वहां से पलायन होता है, हिंदू पलायन होते हैं। आप देखेंगे जो हिंदुओं की संख्या-जनसंख्या वहां थी, आज घटकर जीरो पर आती चली जा रही है।"

उन्होंने फिर दोहराया कि हिंदुस्तान बांग्लादेश-पाकिस्तान नहीं बनेगा। स्वतंत्र देव सिंह ने कहा, "भुखमरी की कगार पर भारत को नहीं ले जाया जा सकता है। वह पाकिस्तान-बांग्लादेश नहीं बन सकता है, जहां लोग भुखमरी से मर रहे हैं, लेकिन भारत की सेना, पुलिस और प्रशासन सतर्क हैं। हमारी बाहरी और आतंरिक सुरक्षा दोनों मजबूत हैं।"

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भारत में सेना और पुलिस के जवान राष्ट्र के लिए समर्पित हैं। कांग्रेस के कार्यकाल में लोग सेना के ऊपर पत्थर फेंकते थे। श्रीनगर में तिरंगा झंडा नहीं फहरा सकते थे। आज सब बंद हो चुका है। लाल चौक पर तिरंगा फहरता है और 'भारत माता की जय' के नारे लगे हैं। हर धर्म के लोग बाहर निकलकर तिरंगा यात्रा निकालते हैं। आज हमने नक्सलवाद खत्म कर दिया है। नक्सली क्षेत्रों के लोग आज देश के साथ जुड़े हैं।"

जल शक्ति मंत्री ने कहा कि भाजपा की सरकार देश की जनता और खुशहाली के लिए काम करती है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की तरह हम लोग देश लूटने नहीं आए हैं। भाजपा कोई वंशवादी पार्टी नहीं है। यह संगठन और कार्यकर्ता आधारित पार्टी है, जिसमें बूथ का अध्यक्ष भी राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है।

उन्होंने कहा, "कांग्रेस-सपा कोई संगठनात्मक राजनीति नहीं करती है। वह वंशवाद की राजनीति है। कुल मिलाकर जिसको मन उसको टिकट देते हैं, दबंग को, मजबूत आदमी को जो राज्य को लूट सके, ऐसे लोगों को कांग्रेस और सपा टिकट देते हैं। इन पार्टियों ने राजनीति का पैटर्न ही चेंज कर दिया।"

स्वतंत्र देव ने कहा कि जिस प्रकार सपा में लोहिया जी नेतृत्व किए या कांग्रेस में जिस प्रकार पुराने लीडर नेतृत्व किए, ये गांधी परिवार ने राजनीति को चौपट कर दिया, लोकतंत्र को चौपट कर दिया। वे राजनीति को किस रास्ते पर ले जाना चाहते हैं, यही नहीं समझ में आता है।

--आईएएनएस

डीसीएच/

Share this story