स्वतंत्र भारद्वाज के समर्थन में दिल्ली में हिंदू संगठन का प्रदर्शन, वीडियो में जाने SC/ST एक्ट और अन्य धाराओं पर उठाए सवाल
नीशू आजाद के पिता संजय से मारपीट के आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज की गिरफ्तारी के विरोध में दिल्ली में हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस हिरासत में लिए गए स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ दर्ज मामलों को लेकर सवाल उठाए और कुछ धाराओं को हटाने की मांग की।
दक्ष चौधरी ने बुलाया था प्रदर्शन
स्वतंत्र भारद्वाज के समर्थन में यह प्रदर्शन दक्ष चौधरी की ओर से बुलाया गया था। दक्ष चौधरी अपने विवादित बयानों और हाई प्रोफाइल लोगों के साथ मारपीट की घटनाओं को लेकर चर्चा में रह चुका है। वह पहले भी कई मामलों में सुर्खियों में रहा है। दक्ष ने कन्हैया कुमार को थप्पड़ मारने की घटना के बाद भी काफी चर्चा बटोरी थी।प्रदर्शन के दौरान दक्ष चौधरी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि उनकी मांग स्वतंत्र भारद्वाज पर लगाई गई धाराओं को लेकर है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वतंत्र पर लगाए गए कुछ गंभीर आरोप दबाव में दर्ज किए गए हैं।
धाराओं को लेकर जताई आपत्ति
दक्ष चौधरी ने कहा कि स्वतंत्र भारद्वाज पर लगाए गए SC/ST एक्ट, धारा 307 और पॉक्सो एक्ट जैसी धाराएं दबाव में लगाई गई हैं और इनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।वहीं, स्वतंत्र भारद्वाज के वकील ने भी थाने पहुंचकर पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की। वकील की ओर से अधिकारियों को लिखित शिकायत दी गई है। हालांकि, पुलिस की तरफ से इस मामले में फिलहाल किसी तरह का आश्वासन नहीं दिया गया है।
बुलंदशहर से गिरफ्तार हुआ था स्वतंत्र
गौरतलब है कि कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) कार्यकर्ता नीशू आजाद के पिता संजय के साथ मारपीट के आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उसे दिल्ली पुलिस की हिरासत में रखा गया है।मामला 23 जून को जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन से जुड़ा है। नीशू आजाद ने आरोप लगाया था कि प्रदर्शन के दौरान उनके पिता संजय के साथ मारपीट की गई थी। इसके बाद स्वतंत्र भारद्वाज का एक पॉडकास्ट वीडियो भी सामने आया था, जिसमें वह कथित तौर पर संजय पर हमला करने की बात स्वीकार करता नजर आया था। हालांकि, स्वतंत्र ने इसे आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेंस) बताया था।
गिरफ्तारी से पहले दिया था बयान
गिरफ्तारी से पहले स्वतंत्र भारद्वाज ने हसनपुर में मीडिया से करीब तीन मिनट तक बातचीत की थी। इस दौरान उसने कहा था, “मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। चाहे पूरा विपक्ष एकजुट हो, मेरा बाल बांका नहीं कर सकता।”अब गिरफ्तारी के बाद उसके समर्थन और विरोध में बयान सामने आ रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी।

