Samachar Nama
×

कमजोर तिमाही नतीजों के बाद जेन टेक्नोलॉजीज का शेयर करीब 9 प्रतिशत तक फिसला

कमजोर तिमाही नतीजों के बाद जेन टेक्नोलॉजीज का शेयर करीब 9 प्रतिशत तक फिसला
कमजोर तिमाही नतीजों के बाद जेन टेक्नोलॉजीज का शेयर करीब 9 प्रतिशत तक फिसला

मुंबई, 27 जुलाई (आईएएनएस)। जेन टेक्नोलॉजीज के शेयर में सोमवार के कारोबारी सत्र में करीब 9 प्रतिशत तक की गिरावट देखी गई। इसकी वजह कंपनी की ओर से वित्त वर्ष 27 की पहली तिमाही के कमजोर नतीजे पेश करना था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर सत्र में अब तक के कारोबार में जेन टेक्नोलॉजीज ने 1,613.60 रुपए का इंट्राडे लोन बनाया है, जो कि पिछले सत्र की क्लोजिंग 1,768.70 रुपए से करीब 8.7 प्रतिशत नीचे है।

सत्र के दौरान शेयर में रिकवरी देखी गई और दोपबर 2 बजे यह 4.36 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 1,691 रुपए पर कारोबार कर रहा था।

वित्त वर्ष 27 की अप्रैल-जून तिमाही में परिचालन से कंपनी का राजस्व सालाना आधार पर 10.5 प्रतिशत घटकर 142 करोड़ रुपए रह गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 158 करोड़ रुपए था।

कंपनी के परिचालन प्रदर्शन में भी कमजोरी देखने को मिली। ईबीआईटीडीए सालाना आधार पर 38.8 प्रतिशत गिरकर 63.3 करोड़ रुपये से 38.7 करोड़ रुपए रह गया।

ईबीआईटीडीए मार्जिन भी पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के 40 प्रतिशत से घटकर 27.3 प्रतिशत पर आ गया, जो यह दर्शाता है कि राजस्व में अपेक्षाकृत सीमित गिरावट के बावजूद कंपनी की मुनाफे पर दबाव बढ़ा है।

कंपनी ने बताया कि शुद्ध लाभ भी सालाना आधार पर 27.8 प्रतिशत घटकर 47.8 करोड़ रुपए से 34.5 करोड़ रुपए रह गया।

निराशाजनक तिमाही नतीजों के बाद अब निवेशकों का ध्यान कंपनी की ऑर्डर बुक और चालू वित्त वर्ष के शेष हिस्से के लिए प्रबंधन के दृष्टिकोण पर केंद्रित हो गया है।

इसके अतिरिक्त, कंपनी के बोर्ड ने क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (क्यूआईपी) के जरिए जुटाई गई राशि के उपयोग की समयसीमा को दो वर्ष के लिए बढ़ाने की मंजूरी दे दी। जेन टेक्नोलॉजीज ने अगस्त 2024 में यह फंड जुटाया था और उसके उपयोग की जानकारी मॉनिटरिंग तथा डिविएशन रिपोर्ट के माध्यम से नियमित रूप से स्टॉक एक्सचेंजों को देती रही है।

--आईएएनएस

एबीएस

Share this story

Tags