Samachar Nama
×

रियाद एयरपोर्ट पर हूती विद्रोहियों ने नए हमले का दावा क‍िया, तेहरान ने बातचीत में मदद की पेशकश की

रियाद एयरपोर्ट पर हूती विद्रोहियों ने नए हमले का दावा किया, तेहरान ने बातचीत में मदद की पेशकश की
रियाद एयरपोर्ट पर हूती विद्रोहियों ने नए हमले का दावा क‍िया, तेहरान ने बातचीत में मदद की पेशकश की

सना/रियाद, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। यमन के हूती समूह ने दावा किया है कि उसने सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक बार फिर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया है। वहीं, ईरान ने कहा है कि वह सऊदी अरब और हूतियों के बीच बातचीत शुरू कराने में मदद करने के लिए तैयार है।

हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सारेया ने सोमवार शाम जारी एक बयान में कहा कि समूह ने रियाद एयरपोर्ट को बैलिस्टिक मिसाइल से निशाना बनाया और उनका दावा है कि मिसाइल अपने न‍िशाने पर लगी। साथ ही यह भी कहा क‍ि समूह ने दक्षिण-पश्चिमी सऊदी अरब के खमीस मुशैत में स्थित किंग खालिद एयर बेस पर ड्रोन हमला किया, जिसमें सीधे निशाना साधा गया।

हालांकि, सऊदी नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने अपने बयान में कहा कि उसकी सेना ने सोमवार शाम रियाद की ओर दागी गई हूती व‍िद्रोह‍ियों की बैलिस्टिक मिसाइल को हवा में ही रोककर नष्ट कर दिया। हमले की खबरों के बीच रियाद में विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं और लोगों को मोबाइल ऐप्स के जरिए अलर्ट भी भेजे गए।

हाल के दिनों में हूती समूह ने रियाद एयरपोर्ट पर हमले तेज कर दिए हैं। सऊदी अरब के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने सोमवार को बताया कि रविवार दोपहर एयरपोर्ट पर हुए हमले में एक पाकिस्तानी नागरिक की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य लोग घायल हुए। प्राधिकरण ने कहा कि एयरपोर्ट पर उड़ानों का निलंबन आगे बढ़ा दिया गया है। इससे पहले शनिवार को हुए हूती हमले में 12 लोगों की मौत हुई थी और 309 लोग घायल हुए थे।

उधर, सोमवार को हूती समूह ने दावा किया कि सऊदी अरब ने पिछले 24 घंटों के दौरान उनके नियंत्रण वाले कई इलाकों पर 119 हवाई हमले किए हैं। हूती संचालित अल-मसीरा टीवी के मुताबिक, सऊदी सीमा से लगे अल-जौफ प्रांत में हुए हवाई हमलों में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए।

यमनी सेना के प्रवक्ता माजिद अल-नुजैली ने सोमवार को कहा कि सरकारी बलों ने हाल के घंटों में हूती सैन्य ठिकानों पर 1,879 हमले किए हैं। उनका दावा है कि इनमें लगभग 950 हूती लड़ाके मारे गए या लड़ाई से बाहर हो गए।

इस बढ़ते तनाव ने क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ा दी है। सोमवार को अपनी साप्ताहिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने कहा कि तेहरान ने कई बार यह पेशकश की है कि वह संघर्षरत पक्षों के बीच बातचीत शुरू कराने में अपनी भूमिका निभाने के लिए तैयार है।

उनकी यह टिप्पणी एक दिन बाद आई, जब ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने रविवार को सऊदी विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान बिन अब्दुल्ला अल सऊद से फोन पर बातचीत के दौरान कहा था कि ईरान सऊदी अरब और हूतियों के बीच संवाद शुरू कराने के लिए हर तरह की मदद देने को तैयार है।

--आईएएनएस

एवाई/एएस

Share this story

Tags