अमेरिका रवाना होने से पहले चीनी राष्ट्रपति से मिले ट्रंप, द्विपक्षीय संबंधों पर हुई चर्चा
बीजिंग, 15 मई (आईएएनएस)। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को बीजिंग स्थित झोंगनानहाई नेतृत्व परिसर में निजी मुलाकात की। यह बैठक ट्रंप की चीन यात्रा समाप्त होने से ठीक पहले हुई। इससे एक दिन पहले दोनों नेताओं के बीच औपचारिक वार्ता भी हुई थी।
चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, झोंगनानहाई पहुंचने पर शी जिनपिंग ने ट्रंप का गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेता परिसर के उद्यान में साथ-साथ टहलते और बातचीत करते नजर आए। इस दौरान वे पेड़ों और फूलों को भी निहारते रहे।
शी जिनपिंग ने कहा कि ट्रंप की यह यात्रा “ऐतिहासिक और मील का पत्थर” साबित हुई है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने रणनीतिक स्थिरता पर आधारित रचनात्मक चीन-अमेरिका संबंधों की नई दिशा तय की है।
शी ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच आर्थिक और व्यापारिक संबंधों को स्थिर बनाए रखने, विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक सहयोग बढ़ाने और एक-दूसरे की चिंताओं का उचित समाधान निकालने पर महत्वपूर्ण सहमति बनी है।
उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर संवाद और समन्वय मजबूत करने पर भी सहमति जताई है। शी के मुताबिक, यह यात्रा आपसी समझ और भरोसे को मजबूत करने के साथ-साथ दोनों देशों के लोगों के हित में भी है।
चीनी राष्ट्रपति ने कहा कि दुनिया की अपेक्षा है कि चीन और अमेरिका आपसी सम्मान के आधार पर शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व और सहयोग का रास्ता अपनाएं। उन्होंने कहा कि जहां ट्रंप “अमेरिका को फिर महान” बनाने की बात कर रहे हैं, वहीं वह चीनी जनता के राष्ट्रीय पुनरुत्थान के लिए काम कर रहे हैं।
शी जिनपिंग ने जोर देते हुए कहा कि दोनों देशों को बनी सकारात्मक गति को बनाए रखते हुए संबंधों को स्थिर दिशा में आगे बढ़ाना चाहिए।
वहीं, डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह झोंगनानहाई आने के निमंत्रण के लिए शी जिनपिंग के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि उनकी चीन यात्रा बेहद सफल रही, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान आकर्षित किया।
ट्रंप ने कहा कि दोनों देशों के बीच कई महत्वपूर्ण सहमतियां बनीं, कई समझौतों पर हस्ताक्षर हुए और कई समस्याओं का समाधान निकला, जो दोनों देशों और दुनिया के लिए फायदेमंद है।
उन्होंने शी जिनपिंग को अपना “पुराना मित्र” बताते हुए कहा कि वह उनका बहुत सम्मान करते हैं और दोनों नेताओं के बीच अच्छे संबंध स्थापित हुए हैं। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका-चीन संबंध बेहद महत्वपूर्ण हैं और भविष्य में और बेहतर होंगे।
ट्रंप ने कहा कि वह शी जिनपिंग के साथ ईमानदार और गहन संवाद जारी रखना चाहते हैं तथा उन्हें वॉशिंगटन आने के लिए आमंत्रित करते हैं।
दोनों नेताओं ने इस दौरान कुछ क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया। इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बीजिंग से रवाना हो गए और उनकी चीन यात्रा संपन्न हुई।
--आईएएनएस
डीएससी

