मिजोरम की अंतिम मतदाता सूची में एक बार फिर पुरुषों के मुकाबले महिलाओं की संख्या ज्यादा
आइजोल, 8 सितंबर (आईएएनएस)। पूर्वोत्तर के कुछ अन्य राज्यों की तरह मिजोरम में भी मतदाता सूची के 'स्पेशल इंटेंसिव रिविजन' (एसआईआर) के पूरा होने के बाद, अंतिम मतदाता सूची में पुरुष मतदाताओं की तुलना में महिला मतदाताओं की संख्या अधिक रही।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) गरिमा गुप्ता ने बताया कि 1 जुलाई, 2026 को पात्रता तिथि मानते हुए, मिजोरम में अब कुल 8,35,869 पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें 4,32,689 महिलाएं, 4,03,179 पुरुष और एक थर्ड-जेंडर मतदाता शामिल हैं। ईसाई बहुल मिजोरम की अंतिम मतदाता सूची में लिंगानुपात 1,073 है, जो राष्ट्रीय औसत से काफी अधिक है।
सीईओ ने बताया कि एसआईआर से पहले, कुल 8,75,068 मतदाता थे जिनके लिए गणना फॉर्म बांटे गए थे। इनमें से कुल 8,28,906 गणना फॉर्म जमा किए गए और 46,162 गणना फॉर्म प्राप्त नहीं हुए।
उन्होंने मीडिया को बताया कि एसआईआर के तहत गणना चरण पूरा होने के बाद, 4 जुलाई, 2026 को कुल 8,28,906 मतदाताओं के साथ ड्राफ्ट रोल (प्रारूप सूची) प्रकाशित की गई थी।
निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों और सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों ने 4 जुलाई से 2 सितंबर 2026 तक दावों और आपत्तियों को प्राप्त किया और उनका निपटारा किया। इस अवधि के दौरान गणना चरण में प्राप्त गणना फॉर्मों की भी जांच की गई।
गुप्ता के अनुसार, 8,28,906 मतदाताओं की ड्राफ्ट रोल के मुकाबले, कुल 39,243 मतदाताओं (4.73 प्रतिशत) को जोड़ा गया और 32,280 मतदाताओं (3.89 प्रतिशत) को हटाया गया, जिसके परिणामस्वरूप अंतिम सूची में 6,963 मतदाताओं (0.84 प्रतिशत) की शुद्ध वृद्धि हुई; यह सूची सोमवार को राज्य भर के 11 जिलों में एक साथ प्रकाशित की गई।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने मूल रूप से अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के लिए 6 सितंबर, 2026 की तारीख तय की थी। हालांकि, चूंकि निर्धारित तारीख रविवार को पड़ रही थी, इसलिए मिजोरम के सीईओ के अनुरोध पर प्रकाशन की तारीख बदलकर सोमवार कर दी गई।
पहाड़ी राज्य मिजोरम में 40 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र हैं। सबसे ज्यादा वोटर वाला विधानसभा क्षेत्र लॉंगत्लाई जिले का तुइचावंग (एसटी) है, जहां 37,236 वोटर हैं, जबकि लुंगलेई जिले के वेस्ट तुइपुई (एसटी) में सबसे कम, यानी 14,667 वोटर हैं।
सीईओ ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के 14 मई, 2026 के निर्देशों के अनुसार, मिजोरम के सभी 11 जिलों में 20 मई, 2026 से मतदाता सूची का विशेष गहन संशोधन (एसआईआर) 2026 शुरू किया गया था।
उन्होंने आगे कहा कि मिजोरम उन 16 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों में से एक है जिन्हें एसआईआर, 2026 के तीसरे चरण में शामिल किया गया है।
सीईओ गुप्ता ने पहले कहा था कि गिनती की प्रक्रिया का 100 प्रतिशत डिजिटाइज़ेशन हासिल करने के लिए मतदाता सूची का एसआईआर करने वाला मिजोरम, 16 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों में पहला राज्य बन गया है।
--आईएएनएस
डीकेएम/पीएम

