Samachar Nama
×

मध्य प्रदेश: बिजनेस पार्टनर ने महिला की गोली मारकर हत्या की, फिर खुद को भी मारी गोली

जबलपुर, 15 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में सोमवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक महिला की उसके बिजनेस पार्टनर ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मार ली, जिससे उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मध्य प्रदेश: बिजनेस पार्टनर ने महिला की गोली मारकर हत्या की, फिर खुद को भी मारी गोली

जबलपुर, 15 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में सोमवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक महिला की उसके बिजनेस पार्टनर ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मार ली, जिससे उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना गोरखपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत राजू डुप्लेक्स के पास हुई। मृतकों की पहचान शक्ति कोहली और दीपेश राठौर के रूप में हुई है। दोनों पिछले कई महीनों से साझेदारी में एक ब्यूटी पार्लर का कारोबार चला रहे थे।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना के समय शक्ति कोहली अपने कमरे में थीं। इसी दौरान दीपेश राठौर वहां पहुंचा। दोनों के बीच किसी बात को लेकर बातचीत हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि दीपेश ने पहले शक्ति को गोली मारी और उसके बाद खुद को भी गोली मार ली। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

जबलपुर के सीएसपी एच.डी. नागोतिया ने बताया कि गोरखपुर क्षेत्र में फायरिंग की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां एक पुरुष और एक महिला मृत मिले। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि पुरुष ने पहले महिला को गोली मारी और फिर खुद को गोली मार ली।

घटना स्थल को सील कर फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल किए जाने का संदेह वाला हथियार बरामद कर लिया है। साथ ही दोनों के मोबाइल फोन और अन्य सामान को भी जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।

दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मृतकों के परिजनों और उनसे जुड़े अन्य लोगों के बयान दर्ज कर रही है ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शक्ति कोहली और दीपेश राठौर ने कुछ महीने पहले ही साझेदारी में ब्यूटी पार्लर का व्यवसाय शुरू किया था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या कारोबार या पैसों के लेन-देन से जुड़ा कोई विवाद इस घटना की वजह बना।

सीएसपी नागोतिया ने कहा कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। दोनों के व्यावसायिक संबंधों और अन्य परिस्थितियों की भी पड़ताल की जा रही है। विस्तृत जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

वहीं, शक्ति कोहली के परिजनों ने पुलिस को बताया कि दोनों पिछले कई महीनों से कारोबार के सिलसिले में लगातार संपर्क में थे, लेकिन हाल के दिनों में उनके बीच मतभेद पैदा हो गए थे। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद कई अन्य तथ्य सामने आ सकते हैं।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story

Tags