Samachar Nama
×

मंच पर महिला भाजपा कार्यकर्ता की तबीयत बिगड़ी; मदद के लिए आगे आए पीएम मोदी

मंच पर महिला भाजपा कार्यकर्ता की तबीयत बिगड़ी; मदद के लिए आगे आए पीएम मोदी
मंच पर महिला भाजपा कार्यकर्ता की तबीयत बिगड़ी; मदद के लिए आगे आए पीएम मोदी

मैसूर, 13 नवंबर (आईएएनएस)। शुक्रवार को 'कॉसमॉस-मैसूर तारामंडल' के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान, अचानक बीमार पड़ गईं 70 वर्षीय महिला भाजपा कार्यकर्ता की मदद के लिए आगे आने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मानवीय कदम की काफी तारीफ हो रही है। इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गई हैं।

यह घटना उस वक्त हुई जब मंच पर मौजूद नंजनगुड की भाजपा कार्यकर्ता प्रेमा के. की तबीयत अचानक खराब हो गई और वह बेहोश होने ही वाली थीं। उनकी हालत देखकर पीएम मोदी तुरंत उनकी मदद के लिए आगे आए और खुद उनका हाल-चाल पूछा।

इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें एक गिलास पानी भी दिया, जिसकी लोग काफी तारीफ कर रहे हैं। इस घटना की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गई हैं, और कई लोग मोदी की संवेदनशीलता और तुरंत की गई मदद के लिए उनकी प्रशंसा कर रहे हैं।

इस मौके पर केंद्रीय वित्त और कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण और कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार भी मौजूद थे।

जानकारी के अनुसार, इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने अधिकारियों को प्रेमा का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया और डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की निगरानी करने को कहा।

लोगों का कहना है कि इस कदम से एक बार फिर मोदी की वह बात सच साबित होती है, जिसमें वे खुद को जनता का 'प्रधान सेवक' कहते हैं।

प्रेमा अब नंजनगुड स्थित अपने घर लौट आई हैं। भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष कुंबरल्ली सुब्बन्ना उनके घर गए और उनका हाल-चाल पूछा।

यह घटना 'कॉसमॉस-मैसूर तारामंडल' के उद्घाटन के दौरान हुई। यह भारत का पहला एलईडी डोम तारामंडल है, जो देश में तारामंडल तकनीक और खगोल विज्ञान की शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी प्रगति को दर्शाता है।

सभा को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने विज्ञान और तकनीकी प्रगति के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में, जब तकनीक तेजी से बदल रही है, कोई भी देश अपने विकास को कमजोर करने या उसकी गति धीमी करने का जोखिम नहीं उठा सकता।

उन्होंने कहा कि वैश्विक प्रगति के साथ कदम मिलाने के लिए भारत विज्ञान और अनुसंधान का एक मजबूत इकोसिस्टम तैयार कर रहा है। साथ ही, उन्होंने देश के भविष्य को आकार देने में नवाचार (इनोवेशन) और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के महत्व को रेखांकित किया।

--आईएएनएस

पीएसके

Share this story