Samachar Nama
×

राजस्थानः रेलवे ट्रैक पर विस्फोट धमाके के मामले में एक महिला समेत दो लोग गिरफ्तार

राजस्थानः रेलवे ट्रैक पर विस्फोट धमाके के मामले में एक महिला समेत दो लोग गिरफ्तार
राजस्थानः रेलवे ट्रैक पर विस्फोट धमाके के मामले में एक महिला समेत दो लोग गिरफ्तार

श्रीगंगानगर, 15 नवंबर (आईएएनएस)। राजस्थान के श्रीगंगानगर में रामसिंहपुर के पास 50 जीबी के निकट रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट के सिलसिले में एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि इनके अन्य साथियों को भी हिरासत में लिया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान देवेंद्र सिंह और महकदीप कौर के रूप में हुई है। ये दोनों पंजाब के गुरदासपुर के रहने वाले हैं।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार संदिग्धों से गहन पूछताछ चल रही है और कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है।

पुलिस ने कहा, "बीकानेर के आईजी ओमप्रकाश और एसपी हरिशंकर संदिग्धों से पूछताछ कर रहे हैं। श्रीगंगानगर के सर्कल ऑफिसर (सिटी) और आईपीएस अधिकारी नितिन चौधरी पूरे मामले की जांच की निगरानी कर रहे हैं।"

बता दें कि रेलवे ट्रैक पर विस्फोट 3 नवंबर को हुआ था, जब एक यात्री ट्रेन उस जगह से गुजरी थी। रेलवे अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। इस घटना के बाद, एहतियात के तौर पर रेलवे प्रशासन ने उस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी, जिसके कारण कई ट्रेनें रद्द करनी पड़ीं।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने पुष्टि की कि मरम्मत का काम पूरा होने और जरूरी सुरक्षा जांच के बाद 5 नवंबर को ट्रेन सेवाएं फिर से बहाल कर दी गईं।

इसके बाद रेलवे ने रामसिंहपुर पुलिस स्टेशन में अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच कर रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए, जांच का जिम्मा आईपीएस अधिकारी नितिन चौधरी को सौंपा गया है।

जांचकर्ता मौके से मिले सबूतों की जांच कर रहे हैं और धमाके से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाने के लिए संदिग्धों से पूछताछ कर रहे हैं।

--आईएएनएस

ओपी/एएस

Share this story

Tags