केरल चुनाव: सीएम विजयन ने ईंधन सुरक्षा के मुद्दे पर भाजपा और कांग्रेस पर साधा निशाना
तिरुवनंतपुरम, 21 मार्च (आईएएनएस)। केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने शनिवार को मौजूदा भाजपा और तत्कालीन केंद्र में कांग्रेस की सरकार पर हमला बोलते हुए देश के बिगड़ते ऊर्जा संकट के लिए उनके नीतिगत फैसलों को जिम्मेदार ठहराया।
सीएम पिनाराई विजयन ने आरोप लगाते हुए कहा कि अमेरिकी प्रभाव की वजह से वर्षों से बनी नीतियों ने भारत की दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा को कमजोर किया है। मध्य पूर्व में चल रहे संघर्ष ने स्थिति को और बिगाड़ दिया है, जिससे ईंधन की उपलब्धता को लेकर देश में अनिश्चितता और बढ़ गई है।
मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित ईरान-भारत गैस पाइपलाइन परियोजना से भारत के 2006 में पीछे हटने को 'ऐतिहासिक गलती' बताया और कहा कि इससे बाहरी दबाव में राष्ट्रीय हितों से समझौता हुआ। उन्होंने यह भी बताया कि तत्कालीन केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री मणिशंकर अय्यर को परियोजना का समर्थन करने के कारण पद से हटा दिया गया था, जो उनके अनुसार उस समय कांग्रेस नेतृत्व की नीतिगत स्थिति को दर्शाता था।
बाद में अय्यर की जगह मुरली देवरा को नियुक्त किया गया, जिसे विजयन ने कॉरपोरेट-प्रेरित ऊर्जा नीतियों की ओर एक बदलाव बताया।
साथ ही वर्तमान भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार को निशाना बनाते हुए विजयन ने आरोप लगाया कि ऊर्जा क्षेत्र में निजी कॉरपोरेट हितों को अनुचित प्राथमिकता मिलती जा रही है। उन्होंने विदेशों में रेयर ऑयल रिफाइनिंग अप्रूवल मिलने वाली एक भारतीय निजी कंपनी की खबरों का हवाला दिया और रूस से तेल आयात जैसे निर्णयों में भारत की ओर से अमेरिकी दबाव के आगे झुकने की आलोचना की।
विजयन ने चेतावनी दी कि वैश्विक बाजारों पर अत्यधिक निर्भरता के कारण ईंधन की कीमतें बढ़ रही हैं और आपूर्ति में अनिश्चितताएं हैं, जिससे आम नागरिक और उद्योग दोनों बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आतिथ्य क्षेत्र सहित सेवा क्षेत्र पहले से ही दबाव महसूस कर रहे हैं।
केंद्र सरकार की ओर से सक्रिय उपायों की कमी पर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रणनीतिक भंडार बनाने, घरेलू उत्पादन बढ़ाने या ऊर्जा स्रोतों में विविधता लाने के लिए काफी कम प्रयास किए गए हैं। तत्काल हस्तक्षेप का जिक्र करते हुए विजयन ने केंद्र सरकार से बाहरी दबावों से मुक्त एक स्वतंत्र ऊर्जा और विदेश नीति अपनाने की अपील की।
मुख्यमंत्री विजयन ने ऐसे वक्त पर भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधा है, जब कुछ दिनों में केरल में विधानसभा चुनाव होने वाला है। इस समय विजयन की छबि खराब दौर से गुजर रही है।
--आईएएनएस
एसडी/एएस

