दुनिया जिस डिजिटल बदलाव को लागू करना चाहती है, वह भारत में पहले से ही हो रहा है: क्वालकॉम सीओओ
नई दिल्ली, 7 मई (आईएएनएस) क्वालकॉम के मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) आकाश पालखीवाला ने गुरुवार को कहा कि भारत अब केवल टेक्नोलॉजी कंपनियों के लिए बड़ा उपभोक्ता बाजार नहीं रहा, बल्कि एआई-आधारित डिजिटल परिवर्तन का वैश्विक मॉडल बनकर उभरा है।
राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित एक कार्यक्रम में बोलते हुए पालखीवाला ने कहा कि दुनिया जिन तकनीकी नवाचारों को लागू करने की कोशिश कर रही है, उनमें से कई भारत में पहले से ही तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा, "दुनिया जो लागू करना चाहती है, वह भारत में पहले से हो रहा है।" उन्होंने देश में बड़े पैमाने पर हो रहे डिजिटलीकरण और विभिन्न क्षेत्रों में एआई तकनीकों के तेजी से बढ़ते उपयोग की ओर इशारा किया।
पालखीवाला ने एआई को इंसानों और उपकरणों के बीच संवाद का अगला बड़ा बदलाव बताया। उन्होंने कहा कि भविष्य में लोग निश्चित ऐप्स पर निर्भर नहीं रहेंगे, बल्कि ऐसे बुद्धिमान एआई एजेंट्स से बातचीत करेंगे जो अपने-आप कई काम कर सकेंगे।
उन्होंने कहा, "भविष्य के उपकरण परिस्थितियों को समझ सकेंगे, आसपास के माहौल को देख सकेंगे, बातचीत सुन सकेंगे और बेहद व्यक्तिगत तरीके से प्रतिक्रिया दे सकेंगे।"
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, "हम एआई से कह सकेंगे कि हमारे लिए फ्लाइट टिकट और होटल बुक कर दो। आने वाले समय में लोगों और एआई के बीच इसी तरह का संवाद होगा।"
उन्होंने कहा कि यह बदलाव केवल स्मार्टफोन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वाहन, पहनने योग्य उपकरण और आपस में जुड़े मशीन सिस्टम तक भी पहुंचेगा।
पालखीवाला ने कहा कि क्वालकॉम खुद को कनेक्टेड कंप्यूटिंग के क्षेत्र में अग्रणी मानता है और कंपनी कनेक्टिविटी, कम बिजली खपत वाली उच्च-प्रदर्शन कंप्यूटिंग और एज एआई पर ध्यान दे रही है।
उन्होंने कहा कि कंपनी ने अपनी पहचान स्मार्टफोन बाजार से बनाई, लेकिन अब क्वालकॉम मोबाइल से कहीं आगे बढ़ चुका है।
रोबोटिक्स के भविष्य पर बात करते हुए पालखीवाला ने कहा कि क्वालकॉम अपनी ऑटोमोबाइल तकनीकों का उपयोग अगली पीढ़ी के रोबोट तैयार करने में करेगा।
उन्होंने कहा, "जब भविष्य में हर व्यक्ति के पास उसकी मदद करने वाला रोबोट होगा, तब उसमें स्नैपड्रैगन सिलिकॉन तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा।"
भारत के तकनीकी माहौल की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि अब कंपनी भारत को ध्यान में रखकर उत्पाद तैयार कर रही है और यहां डिजाइन किए गए उत्पाद वैश्विक बाजारों के लिए बनाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा, "10 या 15 साल पहले हम भारत को सिर्फ एक ऐसा बाजार मानते थे, जहां उपकरण बेचे जा सकते हैं। लेकिन भारत के डिजिटलीकरण और तकनीकी बदलाव ने हमारी सोच पूरी तरह बदल दी है।"
--आईएएनएस
डीबीपी

