Samachar Nama
×

'क्वाड देश' म‍िलकर दुन‍िया को सुरक्षित और महफूज बना सकते हैं: ऑस्ट्रेलियाई पीएम

'क्वाड देश' मिलकर दुनिया को सुरक्षित और महफूज बना सकते हैं: ऑस्ट्रेलियाई पीएम
'क्वाड देश' म‍िलकर दुन‍िया को सुरक्षित और महफूज बना सकते हैं: ऑस्ट्रेलियाई पीएम

मनीला, 17 नवंबर (आईएएनएस)। फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित 'क्वाड नेताओं के शिखर सम्मेलन' को संबोधित करते हुए ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने कहा कि अगर भारत, जापान, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका मिलकर शांतिपूर्ण, सुरक्षित, स्थिर और समृद्ध इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के लिए काम करें तो दुनिया और अधिक सुरक्षित जगह बन सकती है।

उन्होंने महत्वपूर्ण खनिजों, दुर्लभ मृदा तत्वों, एआई क्रांति और समुद्री सुरक्षा पर चर्चा को अहम बताया और 2027 में होने वाली क्वाड बिजनेस लीडर्स मीटिंग को व्यावहारिक पहल करार दिया।

अल्बनीज ने कहा, "व्यक्तिगत रूप से क्वाड बैठक में शामिल होना शानदार है। मैंने प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के अगले ही दिन अपनी पहली क्वाड बैठक में हिस्सा लिया था, इसलिए इस मंच से मेरा एक खास जुड़ाव है। लेकिन यह सिर्फ मेरे लिए नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए महत्वपूर्ण है। ये चार देश मिलकर जितनी ताकत और प्रभाव पैदा करते हैं, वह सिर्फ उनके अलग-अलग योगदान का जोड़ नहीं है।"

उन्होंने कहा, "जब हम इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में शांति, सुरक्षा, स्थिरता और समृद्धि के अपने साझा लक्ष्य के लिए एक साथ काम करते हैं तो दुनिया ज्यादा सुरक्षित बनती है। इस लक्ष्य को हासिल करने में क्वाड की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका है।"

ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बैठक में चारों देशों के नेता क्वाड के आर्थिक भविष्य पर भी चर्चा करेंगे। इसमें महत्वपूर्ण खनिजों (क्रिटिकल मिनरल्स), रेयर अर्थ संसाधनों, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) क्रांति और उससे मिलने वाले विकास और उत्पादकता के अवसरों पर खास फोकस रहेगा।

उन्होंने कहा, "आज हमारी चर्चा का एक बड़ा हिस्सा आर्थिक भविष्य से जुड़ा होगा। इसमें महत्वपूर्ण खनिजों और रेयर अर्थ संसाधनों का विकास, एआई क्रांति और उससे मिलने वाली विकास और उत्पादकता की संभावनाएं शामिल हैं। हम इस बात पर भी चर्चा करेंगे कि इन अवसरों का बेहतर इस्तेमाल कैसे किया जाए।"

अल्बनीज ने समुद्री सुरक्षा को भी बेहद अहम बताया। उन्होंने कहा, "इस क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। हम सभी 'आसियान' के साझेदार हैं, इसलिए मनीला में इस सम्मेलन के दौरान हमारी बैठक होना बिल्कुल उचित है।"

उन्होंने कहा कि वह क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों द्वारा किए गए काम को आगे बढ़ाने के लिए उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि नेताओं की इस बैठक से पहले कई दौर की चर्चाएं हुईं, जिनसे व्यावहारिक और ठोस परिणाम निकलकर आए हैं। अल्बनीज ने घोषणा की कि 2027 में क्वाड बिजनेस लीडर्स मीटिंग आयोजित की जाएगी। उनका कहना था कि यह एक व्यावहारिक पहल होगी, जिससे निजी क्षेत्र को भी विकास और निवेश को बढ़ावा देने में बड़ी भूमिका निभाने का मौका मिलेगा।

उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी ने जिस तरह बताया, उससे पहले कई बैठकें हुई हैं और उनसे ठोस नतीजे निकले हैं। 2027 में होने वाली क्वाड बिजनेस लीडर्स मीटिंग भी ऐसी ही एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे निजी क्षेत्र को सरकारों द्वारा लिए गए फैसलों को आगे बढ़ाने और आर्थिक विकास को गति देने का अवसर मिलेगा।"

मनीला में आयोजित इस शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची और ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने हिस्सा लिया। क्वाड एक रणनीतिक समूह है, जिसमें भारत, ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका शामिल हैं। इसका उद्देश्य वैश्विक भलाई के लिए मिलकर काम करना और एक खुले, स्वतंत्र, समावेशी, समृद्ध तथा मजबूत इंडो-पैसिफिक क्षेत्र को बढ़ावा देना है।

--आईएएनएस

एवाई/डीकेपी

Share this story

Tags