Samachar Nama
×

अमेरिका-मेक्सिको-कनाडा समझौते पर ट्रंप ने फिर बढ़ाई अनिश्चितता, डील के भविष्य पर सवाल

वॉशिंगटन, 11 जून (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका-मेक्सिको-कनाडा समझौते (यूएसएमसीए) के भविष्य को लेकर फिर से अनिश्चितता जताई है। उन्होंने कहा कि फिलहाल ये पूरी तरह तय नहीं है कि वे अपने मौजूदा कार्यकाल के दौरान रिव्यू के लिए आने पर नॉर्थ अमेरिकन ट्रेड पैक्ट को रिन्यू करेंगे या नहीं।
अमेरिका-मेक्सिको-कनाडा समझौते पर ट्रंप ने फिर बढ़ाई अनिश्चितता, डील के भविष्य पर सवाल

वॉशिंगटन, 11 जून (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका-मेक्सिको-कनाडा समझौते (यूएसएमसीए) के भविष्य को लेकर फिर से अनिश्चितता जताई है। उन्होंने कहा कि फिलहाल ये पूरी तरह तय नहीं है कि वे अपने मौजूदा कार्यकाल के दौरान रिव्यू के लिए आने पर नॉर्थ अमेरिकन ट्रेड पैक्ट को रिन्यू करेंगे या नहीं।

व्हाइट हाउस में 'सिक्योर अमेरिका एक्ट' पर हस्ताक्षर करने के बाद ट्रंप ने कहा कि इस समझौते की सबसे खास बात इसके व्यापार नियम नहीं हैं, बल्कि यह है कि इसमें अमेरिका को इसे फिर से देखने और जरूरत पड़ने पर खत्म करने का मौका मिलता है।

जब उनसे यूएसएमसीए के भविष्य के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, “मुझे नहीं पता कि मैं इसे रिन्यू करूंगा या नहीं।”

ट्रंप, जिन्होंने अपने पहले कार्यकाल में यूएसएमसीए को बातचीत के जरिए तैयार कर पुराने 'नॉर्थ अमेरिकन फ्री ट्रेड एग्रीमेंट' (एनएएफटीए) की जगह लागू कराया था, ने एक बार फिर एनएएफटीए की कड़ी आलोचना की।

उन्होंने कहा, “एनएएफटीए हमारे देश के लिए एक आपदा था और ये अब तक का सबसे खराब व्यापार समझौता था।”

राष्ट्रपति ने कहा कि यूएसएमसीए ने एनएएफटीए की कई कमियों को ठीक किया है, लेकिन इसके अंदर मौजूद समीक्षा का प्रावधान इसकी सबसे अहम खासियत है।

उन्होंने कहा, “यूएसएमसीए में मुझे जो चीज सबसे अच्छी लगी, वह यह थी कि छह साल बाद यह फिर से रिन्यूअल के लिए आ जाता है।”

ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका अपने दोनों पड़ोसी देशों कनाडा और मेक्सिको की तुलना में ज्यादा मजबूत आर्थिक स्थिति में है और उसे इस ताकत का इस्तेमाल बातचीत में करना चाहिए।

उन्होंने कहा, “हमें कनाडा से कुछ भी खास जरूरत नहीं है, हमें मेक्सिको से भी कुछ खास जरूरत नहीं है, लेकिन उन्हें हमारी बहुत जरूरत है। और उन्हें हमारे साथ बेहतर व्यवहार करना होगा।”

राष्ट्रपति ने दोनों देशों के साथ लगातार बने व्यापार घाटे पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा, “मेक्सिको और कनाडा के साथ हमारा व्यापार घाटा है। हमारे पास उनके साथ व्यापार मुनाफा होना चाहिए।”

हालांकि उन्होंने अभी किसी औपचारिक समीक्षा या समझौते से बाहर निकलने की प्रक्रिया की घोषणा नहीं की है, लेकिन उनके बयान से उन कंपनियों, निर्यातकों और निवेशकों में अनिश्चितता बढ़ सकती है जो अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको के बीच जुड़े हुए सप्लाई चेन पर निर्भर हैं।

यूएसएमसीए 2020 में लागू हुआ था, जब ट्रंप प्रशासन ने इसकी बातचीत पूरी की थी। यह समझौता उत्तरी अमेरिका में सामान, सेवाओं, डिजिटल व्यापार, श्रम मानकों और बौद्धिक संपदा से जुड़े नियमों को आधुनिक बनाने के लिए बनाया गया था।

इस समझौते में एक तय समय पर समीक्षा का प्रावधान है, जो इसे पुराने एनएएफटीए से अलग बनाता है और सदस्य देशों को इसके कामकाज और भविष्य पर दोबारा विचार करने का मौका देता है।

--आईएएनएस

एवाई/एएस

Share this story

Tags