सीएमआरएल मामलाः केरल के पूर्व मंत्री रियास ने पत्नी वीना टी. पर लगे आरोपों को किया खारिज, बोले-हम डरते नहीं
तिरुवनंतपुरम, 19 अगस्त (आईएएनएस)। सीएमआरएल-एक्सालॉजिक मंथली-पेमेंट मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की बढ़ती जांच के बीच केरल के पूर्व मंत्री पी.ए. मोहम्मद रियास ने बुधवार को अपनी चुप्पी तोड़ी और कड़ा राजनीतिक व कानूनी पलटवार किया। उन्होंने अपनी पत्नी वीना टी. पर लगे आरोपों को खारिज किया और कोझिकोड में अपने पुराने दोस्तों के यहां हुई छापेमारी को ध्यान भटकाने की कोशिश बताया।
रियास के करीबी लोगों के खिलाफ ईडी की कार्रवाई के बाद यह उनका पहला विस्तृत जवाब है। यह बयान ऐसे समय में आया है, जब माना जा रहा है कि एजेंसी ने वीना से लंबी पूछताछ की है।
आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए रियास ने कहा कि वीना का बिजनेस पूरी तरह से वैध है। उन्होंने वीना की साख पर सवाल उठाने वालों को उनके चुनाव नामांकन पत्र देखने की चुनौती दी।
रियास ने कहा, "अब एक नई कहानी फैलाई जा रही है कि वीना ने एक फर्म शुरू की, यह सच नहीं है। कोई भी मेरे नामांकन पत्र देख सकता है, सब कुछ उसमें है।"
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि वीना एक स्वतंत्र व्यक्ति हैं और उन्हें बिजनेस करने से कोई नहीं रोक सकता।
रियास ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि उन्होंने इनका कानूनी और राजनीतिक, दोनों तरह से सामना करने का फैसला किया है।
उनके ये बयान इसलिए अहम हैं, क्योंकि ईडी ने अब कोझिकोड में उनके कई पुराने दोस्तों और साथियों पर अपना ध्यान केंद्रित किया है।
उन्होंने कहा, "मेरे पुराने दोस्तों के यहां अब छापे पड़ रहे हैं। कोई भी उनके चरित्र के बारे में पता कर सकता है। मैं उन्हें लंबे समय से जानता हूं। कोझिकोड में हर कोई उनके कारोबार के बारे में जानता है। इन छापों का इस्तेमाल ध्यान भटकाने के लिए किया जा रहा है।"
रियास ने केंद्र सरकार पर भी सीधा हमला बोला और आरोप लगाया कि ईडी का इस्तेमाल एक राजनीतिक हथियार के तौर पर किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, "हर कोई जानता है कि भाजपा सरकार ईडी का इस्तेमाल कैसे करती है। किसी को यह नहीं सोचना चाहिए कि उनके दोस्तों के साथ उनके रिश्ते सिर्फ इसलिए प्रभावित होंगे, क्योंकि उनके ठिकानों पर तलाशी ली गई है।"
रियास ने कहा कि उन्होंने और सीपीआई (एम) ने इन आरोपों का सामना करने का फैसला किया है और जोर देकर कहा कि वे पीछे नहीं हटेंगे।
उन्होंने कहा, "किसी को यह नहीं सोचना चाहिए कि हम डर जाएंगे।"
पूर्व मंत्री ने अपनी पत्नी के प्रोफेशनल बैकग्राउंड के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वीना बहुत काबिल हैं और कंसल्टेंसी और बिजनेस में आने से पहले उन्होंने कई कंपनियों में सीनियर पदों पर काम किया है।
उन्होंने कहा, "कुछ भी गलत नहीं हुआ है। मामले को आगे बढ़ने दें, हम इसे संभाल लेंगे।"
मंगलवार को कोझिकोड में कई जगहों पर तलाशी के बाद ईडी कथित तौर पर वीना, रियास और उनके करीबी लोगों से जुड़े फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है।
एजेंसी रेड के दौरान जब्त किए गए डॉक्यूमेंट्स और डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है और सीपीआई (एम) जिला सचिवालय के सदस्य पी. निखिल से जुड़ी एडवरटाइजिंग कंपनी 'सोलस' के कथित ट्रांज़ैक्शन की भी पड़ताल कर रही है।
रियास ने कहा कि वह अब मीडिया के हर सवाल का जवाब नहीं देंगे, बल्कि जांच को आगे बढ़ने देंगे। उन्होंने कहा कि उन्होंने कानूनी जानकारों से सलाह ली है और वह इस मामले को कानूनी और राजनीतिक तरीकों से लड़ेंगे।
रियास ने कहा, "मैं देश पर राज करने वाली पार्टी का कड़ा विरोध करता हूं। मैं अपनी राजनीति जारी रखूंगा।"
रियास के लिए ईडी की यह जांच एक ऐसे समय पर हो रही है, जो राजनीतिक रूप से काफी संवेदनशील है।
वीना से शादी के बाद सीपीआई (एम) में उनका तेजी से आगे बढ़ना, 2021 के विधानसभा चुनावों में पार्टी का टिकट मिलना, फिर पीडब्ल्यूडी और टूरिज़्म जैसे अहम विभागों के साथ कैबिनेट में शामिल होना और बाद में ताकतवर स्टेट सेक्रेटेरिएट में जगह बनाना, पार्टी के कुछ धड़ों में पहले ही बेचैनी पैदा कर चुका था।
अब जब उनके करीबी सहयोगी ईडी की जांच के दायरे में हैं, तो उम्मीद है कि अगले महीने कोझिकोड में होने वाली सीपीआई (एम) की स्टेट कमेटी की विस्तारित बैठक में यह मुद्दा और भी ज़्यादा राजनीतिक महत्व हासिल कर लेगा।
--आईएएनएस
ओपी/एएस

