Samachar Nama
×

जयपुर में नीट पेपर लीक के विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस में झड़प

जयपुर, 21 मई (आईएएनएस)। जयपुर में गुरुवार को नीट पेपर लीक मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भाजपा मुख्यालय की ओर मार्च के दौरान पुलिस से झड़प हो गई।
जयपुर में नीट पेपर लीक के विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस में झड़प

जयपुर, 21 मई (आईएएनएस)। जयपुर में गुरुवार को नीट पेपर लीक मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भाजपा मुख्यालय की ओर मार्च के दौरान पुलिस से झड़प हो गई।

विरोध प्रदर्शन की अगुवाई राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने की। गोविंद सिंह डोटासरा ने पार्टी कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं के साथ मिलकर मार्च निकाला और नीट में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

पुलिस को प्रदर्शनकारियों पर वॉटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डोटासरा को अपने कंधों पर उठा लिया। पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास विरोध जताते हुए पुलिस कमिश्नरेट के सामने सड़क पर ही बैठ गए। वहीं, जबकि पूर्व विधायक वेद प्रकाश सोलंकी को पुलिसकर्मियों ने झड़प के दौरान पीछे धकेल दिया।

विधायक मनीष यादव ने भी प्रदर्शनकारियों के साथ आगे बढ़ने के लिए पुलिस बैरिकेड्स पर चढ़ने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोककर नीचे उतार दिया।

कांग्रेस का यह मार्च पार्टी के प्रदेश मुख्यालय से शुरू हुआ और 'शहीद स्मारक' होते हुए भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ा। इस विरोध प्रदर्शन में महिलाओं और युवाओं सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कुछ युवा तो विरोध करने के लिए नीट परीक्षार्थियों की वेशभूषा में भी आए।

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए, डोटासरा ने केंद्र सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले तीन सालों से नीट के पेपर लीक हो रहे हैं। लोगों का एनटीए से भरोसा उठ गया है, और इस संस्था को भंग कर देना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि '22 लाख छात्रों का भविष्य बर्बाद करने' के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने इस मामले में अदालत की निगरानी में जांच कराने की भी मांग की। डोटासरा ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री पर अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रहने का आरोप लगाया और उनके इस्तीफे की मांग की।

--आईएएनएस

एसडी/पीएम

Share this story

Tags