विशाल मिश्रा ने 'तबाही' की सफलता का श्रेय यश को दिया, बोले- गाने की शुरुआत का आइडिया उन्हीं का था
बेंगलुरु, 11 जुलाई (आईएएनएस)। निर्देशक गीतू मोहनदास की आगामी फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' के पहले गाने 'तबाही' को मिल रहे जबरदस्त प्यार के बीच गायक और संगीतकार विशाल मिश्रा ने इसकी सफलता का श्रेय फिल्म के अभिनेता रॉकिंग स्टार यश को दिया है। उन्होंने कहा कि इस गाने की कल्पना और शुरुआत का सबसे बड़ा श्रेय यश को जाता है।
विशाल मिश्रा ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, "'तबाही' को जो प्यार मिल रहा है, वह अविश्वसनीय है। इसका पूरा श्रेय मेरे बड़े भाई यश को जाता है। वह सिर्फ एक शानदार इंसान ही नहीं, बल्कि बेहतरीन सहयोगी भी हैं। गाना बनने से पहले ही उन्होंने 'तबाही' शब्द सोचा था और मेरी रचनात्मकता का हर हिस्सा हम दोनों का है।"
उन्होंने यश को "सर्वश्रेष्ठ" बताते हुए लिखा कि वह खुद को खुशकिस्मत मानते हैं कि उन्हें यश जैसा बड़ा भाई मिला।
विशाल ने आगे कहा, "यश की वजह से ही मेरी मुलाकात जादूगर जैसी प्रतिभाशाली निर्देशक गीतू मोहनदास से हुई, जिन्होंने पूरे प्रोजेक्ट को ऊर्जा दी। 'टॉक्सिक' की पूरी टीम के लिए मैं आभारी हूं। हर-हर महादेव।"
विशाल की इस पोस्ट से प्रशंसकों को यह जानने का मौका मिला कि 'तबाही' गाने के निर्माण में यश की भूमिका केवल मुख्य अभिनेता तक सीमित नहीं थी, बल्कि उन्होंने इसकी रचनात्मक प्रक्रिया में भी अहम योगदान दिया।
गौरतलब है कि निर्देशक गीतू मोहनदास की बहुप्रतीक्षित एक्शन फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' का पहला गाना 'तबाही' पिछले सप्ताह रिलीज किया गया था। रिलीज होते ही यह गाना दर्शकों के बीच लोकप्रिय हो गया और लगातार म्यूजिक प्लेलिस्ट में छाया हुआ है।
गाने के शानदार विजुअल्स और यश तथा कियारा आडवाणी की दमदार केमिस्ट्री ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
फिल्म का लेखन, निर्माण और मुख्य भूमिका यश ने मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के बैनर तले किया है, जबकि केवीएन प्रोडक्शंस इसके सह-निर्माता हैं।
इस बहुप्रतीक्षित एक्शन ड्रामा में नयनतारा, कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत और हुमा कुरैशी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। फिल्म 26 अगस्त को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
--आईएएनएस
डीएससी

