कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने गृह मंत्री अमित शाह से की मुलाकात, संगठन और ‘बल्लारी चलो’ यात्रा पर हुई चर्चा
बेंगलुरु, 19 सितंबर (आईएएनएस)। कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष और विधायक बी.वाई. विजयेंद्र ने शनिवार को हुब्बल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रमों और राज्य में कांग्रेस सरकार के खिलाफ भाजपा के अभियान को लेकर चर्चा हुई।
विजयेंद्र ने एक बयान में कहा कि यह मुलाकात भाजपा के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के बीच हुई, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और नेतृत्व के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शुरू किया गया है।
उन्होंने कहा, “आज मैंने हमारे वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से हुब्बल्ली में मुलाकात कर विभिन्न विषयों पर चर्चा की।”
विजयेंद्र ने कहा कि विकसित भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को साकार करने की दिशा में गृह मंत्री अमित शाह का नेतृत्व और प्रयास भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह को भाजपा की ‘बल्लारी चलो’ पदयात्रा का पूरा ब्यौरा भी सौंपा। विजयेंद्र ने बताया कि यात्रा के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता से मिले समर्थन की जानकारी उन्होंने शाह को दी। भाजपा ने इस पदयात्रा को कर्नाटक सरकार की कथित भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आयोजित किया था।
विजयेंद्र के अनुसार, उन्होंने राज्य सरकार की कथित विफलताओं को जनता के सामने उठाने और पार्टी के अभियान को आगे तेज करने के लिए अमित शाह से मार्गदर्शन भी लिया।
उन्होंने दावा किया कि अमित शाह ने ‘बल्लारी चलो’ यात्रा और राज्य में पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों की सराहना की।
विजयेंद्र ने कहा कि भाजपा कर्नाटक में संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से संगठनात्मक कार्यक्रमों, विरोध प्रदर्शनों और जनजागरण अभियानों को आगे भी जारी रखेगी।
उन्होंने कहा कि पार्टी का जनसंपर्क अभियान और सामूहिक संघर्ष 2028 के कर्नाटक विधानसभा चुनाव तक जारी रहेगा।
उल्लेखनीय है कि ‘बल्लारी चलो’ पदयात्रा भाजपा द्वारा 1 से 10 सितंबर, 2026 के बीच आयोजित की गई थी। यह यात्रा लिंगसुगुर से बल्लारी तक लगभग 175–200 किलोमीटर चली और नौ विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरी। भाजपा ने इस यात्रा के माध्यम से राज्य सरकार पर लगाए गए अपने आरोपों को जनता के बीच उठाया और आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर जनसमर्थन जुटाने का प्रयास किया।
--आईएएनएस
डीएससी

