तमिलनाडु: टीवीके की सात उपचुनावों की तैयारी तेज, सीएम विजय ने पिछली सरकार के भ्रष्टाचार के खुलासे का दिया संकेत
चेन्नई, 23 अगस्त (आईएएनएस)। तमिलनाडु की सात विधानसभा सीटों पर होने वाले संभावित उपचुनावों के लिए टीवीके की ओर से बड़ी रणनीति तैयार की जा रही है। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने संकेत दिया है कि चुनाव प्रचार के दौरान पिछली सरकार से जुड़े कथित भ्रष्टाचार की फाइलें सार्वजनिक की जा सकती हैं।
तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों में से सात सीटें (तिरुचि ईस्ट, पेरुंदुरई, मदुरंतकम, धारापुरम, अंबासमुद्रम, करूर और विरलिमलाई) अभी खाली हैं। तिरुचि ईस्ट, करूर, विरलिमलाई, पेरुंदुरई और अंबासमुद्रम में उपचुनाव नहीं हो पाए क्योंकि इन सीटों के नतीजों को चुनौती देने वाली चुनाव याचिकाएं अभी भी लंबित हैं।
मद्रास हाईकोर्ट का इन पांच सीटों पर उपचुनाव रोकने वाला स्टे (रोक) 24 अगस्त को खत्म होने की उम्मीद है। इसलिए, उम्मीद है कि चुनाव आयोग जल्द ही सभी सात खाली सीटों पर उपचुनाव कराने की प्रक्रिया शुरू कर सकता है।
हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में अपने दम पर पूर्ण बहुमत न मिलने के बावजूद टीवीके ने सरकार बनाई थी। ऐसे में अब टीवीके के लिए उपचुनाव में जीत बहुत जरूरी है। पार्टी ने 107 सीटें जीती थीं, 234 सदस्यों वाली विधानसभा में बहुमत के लिए जरूरी 118 सीटों से 11 कम थीं। उसने कांग्रेस (जिसके पांच विधायक हैं) और लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिलनाडु पार्टी, सीपीआई, सीपीआई(एम), और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (हर एक के दो-दो विधायक) के समर्थन से सरकार बनाई थी।
हालांकि कांग्रेस पार्टी और दो अन्य सहयोगी दल कैबिनेट में शामिल हैं और उनके समर्थन वापस लेने की संभावना कम है, लेकिन अगर जनता से जुड़े मुद्दों पर मतभेद पैदा होते हैं तो दो कम्युनिस्ट पार्टियां अपनी स्थिति पर फिर से विचार कर सकती हैं। ऐसी स्थिति सरकार पर दबाव डाल सकती है। अगर टीवीके सभी सात खाली सीटें जीत जाती है, तो उसकी ताकत बढ़कर 114 हो जाएगी, जिससे वह बहुमत से सिर्फ चार सीटें दूर रह जाएगी।
मुख्यमंत्री विजय ने 19 अगस्त को विधानसभा सत्र के दौरान सरकार की चुनावी रणनीति का संकेत दिया, जब विपक्ष ने मंत्रियों की ओर से लगाए गए आरोपों के लिए दस्तावेजी सबूत मांगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के पास कई क्षेत्रों से जुड़े सबूत हैं और संबंधित फाइलें उनकी मेज़ पर हैं। मुख्यमंत्री विजय ने कहा, "मैं यह कहना नहीं चाहता था, लेकिन वे सबूत मांग रहे हैं। सब कुछ सबूत के साथ मेरी मेज पर है।" उन्होंने कहा था कि फाइलें "सही समय पर" खोली जाएंगी और साथ ही यह भी संकेत दिया था कि इन खुलासों का असर आने वाले उपचुनावों पर पड़ सकता है।
--आईएएनएस
एसडी/पीएम

