'सोचा था थिएटर तालियों से गूंज उठेगा, लेकिन...' एलआईके को मिली-जुली प्रतिक्रिया से निराश निर्देशक विग्नेश शिवन
चेन्नई, 9 मई (आईएएनएस)। साउथ फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित निर्देशक विग्नेश शिवन इन दिनों अपनी हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'लव इंश्योरेंस कंपनी' (एलआईके) को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म को मिली-जुली प्रतिक्रिया मिल रही है।
इसी बीच विग्नेश शिवन ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने अपनी उम्मीदों, संघर्षों, निराशा और दर्शकों के प्रति आभार को खुलकर जाहिर किया। उन्होंने बताया कि फिल्म को लेकर उन्होंने कई बड़े सपने देखे थे, लेकिन नतीजे उनकी उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहे।
विग्नेश शिवन ने पोस्ट में कहा, "मैंने इस फिल्म को लेकर कई बड़े सपने देखे थे। मुझे विश्वास था कि मेरी यह कहानी करोड़ों लोगों के दिल तक पहुंचेगी और सिनेमा जगत में बड़ा असर छोड़ेगी। रिलीज से पहले मैं लगातार यह सोच रहा था कि थिएटर तालियों की आवाज से गूंज उठेगा और लोग फिल्म को देखकर खूब हंसेंगे।"
उन्होंने आगे कहा, "फिल्म को थिएटर में प्यार जरूर मिला। लोगों की हंसी और प्रतिक्रिया भी देखने को मिली, लेकिन फिर भी फिल्म उस कमाई तक नहीं पहुंच सकी, जिसकी मुझे उम्मीद थी। मुझे विश्वास था कि फिल्म 100 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर जाएगी। सच कहूं तो मैं इससे भी ज्यादा कमाई की उम्मीद लगाए बैठा था। लेकिन आखिर में कुछ ऐसी कमी रह गई, जिसकी वजह से फिल्म पूरी तरह से दर्शकों के दिल से नहीं जुड़ सकी। यह बात मुझे थोड़ी दुखी करती है।"
निर्देशक ने कहा, ''भले ही आखिरी नतीजा मेरी उम्मीदों जैसा नहीं रहा, लेकिन मैं फिर भी खुश और संतुष्ट हूं। मेरे लिए इस फिल्म का रिलीज हो जाना ही किसी बड़ी जीत से कम नहीं है। इस फिल्म को बनाना मेरे लिए आसान नहीं था। इसके पीछे कई ऐसी परेशानियां और चुनौतियां थीं, जिन्हें सिर्फ मैं ही महसूस कर सकता हूं। इस सफर में कई ऐसी रातें आईं, जब मैं सो नहीं पाया। कई बार डर और तनाव भी महसूस हुआ, लेकिन मैंने हार नहीं मानी।''
पोस्ट में विग्नेश शिवन ने कहा, "मुझे उम्मीद थी कि फिल्म देखने के बाद इंडस्ट्री के कई बड़े लोग फोन करेंगे और मेरे काम की तारीफ करेंगे। मैं चाहता था कि जिन लोगों को मैं पसंद करता हूं, वो मेरी सराहना करें। लेकिन असलियत कुछ अलग निकली। मुझे फिल्म के लिए मिली-जुली प्रतिक्रियाएं मिलीं। कुछ लोगों ने सवाल उठाए और कुछ ने सीमित तरीके से ही तारीफ की। हालांकि इन सबके बावजूद मैं टूटा नहीं और न ही मेरा आत्मविश्वास कम हुआ है।"
उन्होंने फिल्म की कमाई का जिक्र करते हुए बताया, ''फिल्म ने 70 करोड़ रुपए से ज्यादा का कारोबार किया। जब फिल्म को 'औसत' कहा जाने लगा, उसके बाद भी बड़ी संख्या में लोग थिएटर पहुंचे। यह दर्शकों का सच्चा प्यार था। खराब प्रतिक्रियाओं और शोर के बावजूद लोगों ने फिल्म पर भरोसा दिखाया।''
--आईएएनएस
पीके/एएस

