Samachar Nama
×

वियतनाम नाव हादसा: उपराष्ट्रपति, पीएम मोदी समेत अन्य ने जताया शोक, हरसंभव मदद कर रहा भारतीय दूतावास

वियतनाम नाव हादसा: उपराष्ट्रपति, पीएम मोदी समेत अन्य ने जताया शोक, हरसंभव मदद कर रहा भारतीय दूतावास
वियतनाम नाव हादसा: उपराष्ट्रपति, पीएम मोदी समेत अन्य ने जताया शोक, हरसंभव मदद कर रहा भारतीय दूतावास

नई दिल्ली, 11 जुलाई (आईएएनएस)। वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों को ले जा रही नाव हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत हुई है और कई लोग अस्पताल में भर्ती हैं। इस हादसे पर देश के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई नेताओं ने दुख जताया है।

इस हादसे पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह बेहद पीड़ादायक घटना है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावास वियतनामी अधिकारियों के साथ समन्वय कर प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "वियतनाम के फु क्वोक के पास भारतीय नागरिकों से जुड़ी नाव दुर्घटना की दुखद खबर से बेहद व्यथित हूं। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।"

उन्होंने आगे कहा, "हमारा दूतावास और वाणिज्य दूतावास हरसंभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। हमारे अधिकारी वियतनामी प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हैं।"

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इस हादसे को बेहद दुखद बताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए विदेश मंत्रालय से अपील की कि वह वियतनामी अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखे और बचाव अभियान पर करीबी नजर रखे। उन्होंने प्रभावित भारतीय परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की।

वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि हादसे के सही कारणों और पूरी जानकारी का अभी पता लगाया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन द्वारा खोज एवं बचाव अभियान जारी है। प्रभावित परिवारों की सहायता और सूचना उपलब्ध कराने के लिए हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास और हनोई स्थित भारतीय दूतावास में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं।

स्थानीय मीडिया के अनुसार, शनिवार को फु क्वोक द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक नाव पलट गई। हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 लोगों को बचाकर विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसे का शिकार हुई स्पीडबोट में 32 भारतीय पर्यटक, एक फ्लाइट अटेंडेंट और चालक दल के चार सदस्य सवार थे।

फु क्वोक विशेष आर्थिक क्षेत्र प्रशासन के हवाले से रिपोर्ट में बताया गया है कि शनिवार दोपहर करीब 1 बजे ओशन पर्ल आइलैंड कंपनी की स्पीडबोट में अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद वह पलट गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद कई पर्यटक नौकाएं बचाव के लिए मौके पर पहुंच गईं। एन थोई पोर्ट बॉर्डर गार्ड स्टेशन के अनुसार, हादसे में 15 लोगों की मौत हुई है, जिनमें दो महिलाएं और 13 पुरुष शामिल हैं। वहीं, बचाए गए 21 लोगों को इलाज के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story

Tags