Samachar Nama
×

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने तिरुमला मंदिर में किए दर्शन, देशवासियों के कल्याण की कामना की

तिरुपति, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने मंगलवार को तिरुपति के निकट तिरुमला स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने तिरुमला मंदिर में किए दर्शन, देशवासियों के कल्याण की कामना की

तिरुपति, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने मंगलवार को तिरुपति के निकट तिरुमला स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की।

आंध्र प्रदेश के बंदोबस्ती मंत्री अनम रामनारायण रेड्डी, तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के चेयरमैन बी.आर. नायडू, कार्यकारी अधिकारी मुद्ददा रविचंद्र और अन्य अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

मंदिर के पुजारियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ ‘इस्तिकाफल’ देकर उनका सम्मान किया। इसके बाद उपराष्ट्रपति ने ध्वजस्तंभ के समक्ष नमन किया और पूजा-अर्चना की।

उन्होंने देवी वकुलामाता, भगवान विमान वेंकटेश्वर, भाष्यकार सन्निधि (आचार्यों के मंदिर) और भगवान योग नरसिम्हा स्वामी के मंदिरों में भी दर्शन किए।

बाद में रंगनायकुला मंडपम में वैदिक विद्वानों ने उन्हें ‘वेदाशीर्वचनम्’ दिया। इस अवसर पर टीटीडी चेयरमैन और कार्यकारी अधिकारी ने उपराष्ट्रपति को भगवान की तस्वीर तथा तीर्थ प्रसाद भेंट किया।

उपराष्ट्रपति ने मुख्य मंदिर के सामने स्थित बेदी अंजनेय स्वामी मंदिर में भी पूजा-अर्चना की।

टीटीडी के अतिरिक्त कार्यकारी अधिकारी वेंकैया चौधरी और बोर्ड सदस्य भानु प्रकाश रेड्डी भी स्वागत और दर्शन व्यवस्था में मौजूद रहे।

उपराष्ट्रपति के आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट पर दी गई जानकारी के अनुसार, उन्होंने देश में शांति, समृद्धि और सभी लोगों के कल्याण की प्रार्थना की।

इससे पहले सोमवार को उपराष्ट्रपति ने विशाखापट्टनम में आंध्र विश्वविद्यालय के शताब्दी समारोह को संबोधित किया था, जिसके बाद वह तिरुपति पहुंचे।

उपराष्ट्रपति बनने के बाद राधाकृष्णन का यह दूसरा तिरुमला दौरा है। इससे पहले सितंबर 2025 में उन्होंने विजयवाड़ा और तिरुमला में सांस्कृतिक व आध्यात्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story

Tags