Samachar Nama
×

होर्मुज स्ट्रेट के पास 30 क्रू वाले जहाज ने भेजा आपात संदेश, मिसाइल हमले का दावा कर मांगी मदद

होर्मुज स्ट्रेट के पास 30 क्रू वाले जहाज ने भेजा आपात संदेश, मिसाइल हमले का दावा कर मांगी मदद
होर्मुज स्ट्रेट के पास 30 क्रू वाले जहाज ने भेजा आपात संदेश, मिसाइल हमले का दावा कर मांगी मदद

लंदन, 24 जुलाई (आईएएनएस)। होर्मुज स्‍ट्रेट के पास शुक्रवार को एक 30 क्रू मेंबर एक जहाज ने आपातकालीन संदेश भेजा, ज‍िसमें हमले के बारे में जानकारी दी गई। एक नाविक से म‍िले वीएचएफ मैरीटाइम रेडियो चैनल की ऑडियो रिकॉर्डिंग के मुताबिक स‍िन्हुआ समाचार एजेंसी ने यह जानकारी दी।

एक रिकॉर्डिंग में नाविक ने एक कॉलर को अमेरिकी मिलिट्री ऑपरेटर के तौर पर पहचाना, जिसने एक मर्चेंट जहाज को बार-बार चेतावनी दी कि वह ईरानी पानी की तरफ बढ़ने के लिए नियमों के अनुरूप नहीं है।

स‍िन्हुआ समाचार एजेंसी की जानकारी के अनुसार, कॉलर ने कहा क‍ि ईरान की ओर आगे बढ़ते रहने के कारण आप नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। आपको कई बार चेतावनी दी जा चुकी है। मैं आपके इंजन रूम पर गोली चलाने की तैयारी कर रहा हूं। चालक दल के पास इंजन रूम खाली करने के लिए 15 मिनट हैं।

बाद की एक रिकॉर्डिंग में जहाज ने अपनी पहचान 'दिशा' के रूप में बताई और कहा कि उस पर हमला हुआ है।

कॉलर ने कहा क‍ि यह 'दिशा' जहाज है। हम पर अज्ञात मिसाइलों से हमला किया गया है। हमें तुरंत मदद चाहिए। हमारे जहाज पर चालक दल के 30 सदस्य हैं। हमें तुरंत सहायता की जरूरत है। उसने बताया कि जहाज होर्मुज स्‍ट्रेट के पूर्वी प्रवेश द्वार के पास था।

यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब क्षेत्र में तनाव बढ़ा हुआ है और होर्मुज स्‍ट्रेट से गुजरने वाले समुद्री यातायात को सुरक्षा जोखिमों का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में अमेरिकी सेना ने ईरानी बंदरगाहों और तटीय इलाकों से आने-जाने वाले जहाजों पर नौसैनिक नाकाबंदी फिर से शुरू की है।

गुरुवार को ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने कहा कि उसने होर्मुज स्‍ट्रेट से गुजरने की कोशिश कर रहे तीन तेल टैंकरों को रोक दिया। इनमें से एक टैंकर में विस्फोट के बाद आग लग गई।

ईरानी सरकारी मीडिया के हवाले से आईआरजीसी ने कहा, "तीन तेल टैंकरों को अमेरिकी सेना ने उकसाया और वे होर्मुज स्‍ट्रेट के दक्षिण में बिछाए गए माइन वाले रास्ते से गुजरने की कोशिश कर रहे थे लेकिन उनमें से एक में विस्फोट होने और आग लगने के बाद बाकी दो तुरंत मुड़ गए और लौट गए।"

आईआरजीसी ने चेतावनी दी कि कोई भी जहाज जो अमेरिका के बहकावे में आकर ईरान की अनुमति के बिना इस रास्ते से गुजरने की कोशिश करेगा, उसे भी इसी तरह के नतीजे भुगतने पड़ सकते हैं।

--आईएएनएस

एवाई/वीसी

Share this story

Tags