वेनेजुएला में विनाशकारी भूकंप में मरने वालों की संख्या बढ़कर 3,685 हुई
कराकास, 8 जुलाई (आईएएनएस)। वेनेजुएला में विनाशकारी भूकंपों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 3,685 हो गई है, जबकि 16,740 लोग घायल हुए हैं। यह जानकारी वेनेजुएला की नेशनल असेंबली के अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिगेज ने आधिकारिक अपडेट में दी।
जॉर्ज रोड्रिगेज ने अपने टेलीग्राम चैनल पर जारी जानकारी में बताया कि भूकंप की वजह से अब तक 17,907 लोग बेघर हो चुके हैं।
24 जून को 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंप आने के बाद से वेनेज़ुएला में 1,076 आफ्टरशॉक (भूकंप के बाद के झटके) दर्ज किए गए हैं।
सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, पहले आई एक आधिकारिक रिपोर्ट में कहा गया था कि 17,345 लोग विस्थापित भी हुए हैं। अधिकारियों ने विस्थापित और प्रभावित लोगों की मदद के लिए 80 अस्थायी कैंप भी बनाए हैं।
शनिवार को जारी ताजा अपडेट के मुताबिक, मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए अब भी 29,567 बचावकर्मी राहत और बचाव अभियान में जुटे हैं। इनमें 3,281 बचावकर्मी दूसरे देशों से आए हैं।
इस बीच, वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने भूकंप में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए पिछले सप्ताह सात दिनों के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की थी।
उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में कहा, "भूकंप में जान गंवाने वाले लोगों की याद में आज शाम छह बजे से सात दिन का राष्ट्रीय शोक रहेगा।"
उन्होंने कहा कि यह बेहद दुख की घड़ी है और सरकार इस त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों के साथ खड़ी है। सरकार उन्हें हर संभव सहायता और सुरक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है। डेल्सी रोड्रिगेज ने कहा कि इस भीषण आपदा में हुई बड़ी जनहानि से पूरा वेनेजुएला गहरे सदमे में है।
अधिकारियों के अनुसार, अब भी हजारों लोग लापता हैं और उनकी तलाश लगातार जारी है।
वहीं, भारत का 'ऑपरेशन अमिस्ताद' भी राहत कार्यों में लगातार सक्रिय है। भारतीय मेडिकल टीमें भूकंप प्रभावित लोगों का इलाज कर रही हैं और उन्हें मानवीय सहायता उपलब्ध करा रही हैं। भारतीय सेना के फील्ड अस्पताल में इलाज करा रहे लोगों और उनके परिजनों ने भारतीय डॉक्टरों और चिकित्सा दल के प्रति आभार जताया है।
--आईएएनएस
एएस/

