Samachar Nama
×

उत्तराखंड: पौड़ी गढ़वाल हादसे में मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की सहायता, सीएम पुष्कर धामी का ऐलान

उत्तराखंड: पौड़ी गढ़वाल हादसे में मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की सहायता, सीएम पुष्कर धामी का ऐलान
उत्तराखंड: पौड़ी गढ़वाल हादसे में मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की सहायता, सीएम पुष्कर धामी का ऐलान

देहरादून, 28 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को पौड़ी गढ़वाल जिले में हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

यह हादसा उस समय हुआ जब एक कार चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में सात महिलाओं समेत आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए।

सीएम पुष्कर धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, "पौड़ी जिले में हुए दुखद सड़क हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से 4 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी।"

उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और सहानुभूति के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि घायलों के बेहतर इलाज और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दे दिए गए हैं।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर दुख जताया और मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए तथा घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता देने की घोषणा की थी।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, "उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में हुए हादसे में लोगों की मौत की खबर से बेहद दुख हुआ है। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"

पीएमओ ने कहा कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भी इस हादसे पर शोक व्यक्त किया है।

उन्होंने इस दुर्घटना को बेहद दुखद बताते हुए 'एक्स' पर लिखा, "इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति मैं गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं।"

राष्ट्रपति ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने और उनके अच्छे स्वास्थ्य की भी कामना की।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त वाहन रिखणीखाल से भनगलवाड़ की ओर जा रहा था और उसमें 12 लोग सवार थे।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Share this story