Samachar Nama
×

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की एजेंसियां ​​नशीले पदार्थों की तस्करी से निपटने के लिए एकजुट

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की एजेंसियां नशीले पदार्थों की तस्करी से निपटने के लिए एकजुट
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की एजेंसियां ​​नशीले पदार्थों की तस्करी से निपटने के लिए एकजुट

श्रीनगर, 8 सितंबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए मंगलवार को श्रीनगर में दूसरी केंद्र शासित प्रदेश-स्तरीय संयुक्त समन्वय समिति (जेसीसी) की बैठक हुई। इसमें कई प्रवर्तन और खुफिया एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने तस्करी के खिलाफ लड़ाई को और मजबूत करने की रणनीतियों पर समीक्षा की।

अधिकारियों ने बताया कि यह बैठक श्रीनगर के पुलिस कंट्रोल रूम में एनसीबी के डीडीजी (एनडब्ल्यूआर) और जम्मू-कश्मीर पुलिस के आईजी क्राइम/एएनटीएफ प्रमुख की अध्यक्षता में हुई।

बैठक में ईडी, बीएसएफ, राज्य ड्रग कंट्रोलर, आईबी, कस्टम्स, डीआरआई, इनकम टैक्स और एनआईए जैसी विभिन्न प्रवर्तन और संबंधित एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ जम्मू, श्रीनगर और गांदरबल के जिला एसएसपी भी शामिल हुए।

बैठक में शामिल एजेंसियों ने अपने अनुभव और प्रवर्तन से जुड़ी पहलों को साझा किया। साथ ही, उन्होंने नशीले पदार्थों की तस्करी के नए तरीकों, अंतर-राज्यीय संबंधों, अवैध खेती, जानकारी साझा करने, संयुक्त जांच, वित्तीय जांच और प्रभावी कानूनी कार्रवाई जैसे मुद्दों पर चर्चा की।

इसके अलावा, केंद्रीय गृह मंत्री और सहकारिता मंत्री अमित शाह द्वारा 26 जून को नई दिल्ली में नारको-कोऑर्डिनेशन सेंटर (एनकॉर्ड) की 10वीं शीर्ष-स्तरीय बैठक में पेश किए गए 'ड्रग कंट्रोल पर विजन डॉक्यूमेंट (2026-2029)' को लागू करने के लिए ठोस प्रयास करने पर भी चर्चा हुई।

इस बात पर जोर दिया गया कि मादक पदार्थों के खतरे से निपटने के लिए नेटवर्क-केंद्रित दृष्टिकोण पर बल दिया जाएगा। इसके अलावा, विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय को मजबूत करने, संयुक्त पूछताछ, प्रभावी वित्तीय जांच और उपलब्ध सूचना-साझाकरण तंत्रों का अधिक से अधिक उपयोग करने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।

बैठक का समापन सभी हितधारक एजेंसियों के बीच निरंतर सहयोग और जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने, उन्हें बाधित करने और नष्ट करने के लिए समग्र सरकारी दृष्टिकोण अपनाने के आह्वान के साथ हुआ।

नशीले पदार्थों पर नियंत्रण देश के सामने एक बड़ी चुनौती है, और पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, राजस्थान, गुजरात और पूर्वोत्तर जैसे सीमावर्ती राज्यों में यह और भी गंभीर है।

हाल के महीनों में, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने करोड़ों रुपए की भारी मात्रा में हेरोइन और अन्य मादक पदार्थ जब्त किए हैं।

--आईएएनएस

एमएस/

Share this story