Samachar Nama
×

अमेरिका के मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दो व‍िमानों की टक्‍कर में दो लोग घायल

अमेरिका के मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दो विमानों की टक्कर में दो लोग घायल
अमेरिका के मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दो व‍िमानों की टक्‍कर में दो लोग घायल

वाशिंगटन, 15 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिका के मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार को रनवे के पास दो विमानों की टक्कर में दो लोग घायल हो गए। एयरलाइन ने बताया कि उन्हें मामूली चोट आई हैं। एयरपोर्ट के पैरामेडिक्स के जर‍िए उनका इलाज क‍िया गया। बाकी सभी यात्री और छह क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।

एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार रात करीब 9:15 बजे (स्थानीय समय) टैक्सीवे पर चलते समय कोपा एयरलाइंस के एक बोइंग 737 विमान का विंगटिप (पंख का सिरा) यूपीएस के मालवाहक बोइंग 767 विमान के अगले हिस्से से टकरा गया। कोपा एयरलाइंस का विमान पनामा सिटी से आया था, जिसमें 166 यात्री और छह क्रू सदस्य सवार थे।

कोपा एयरलाइंस ने बताया कि इस टक्कर में दो लोग घायल हुए। एयरलाइन ने एक बयान में कहा, "विमान टर्मिनल पर है और सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया है। दो यात्रियों को एयरपोर्ट के पैरामेडिक्स ने प्राथमिक उपचार दिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, उनकी चोटें मामूली लग रही हैं।"

पनामा स्थित एयरलाइन ने कहा कि बाकी सभी यात्री और छह क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। एयरलाइन ने कहा, "इस घटना से यात्रियों को हुई परेशानी और चिंता के लिए हमें खेद है। यात्रियों और क्रू की सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। जांच में हम संबंधित अधिकारियों का पूरा सहयोग करेंगे।"

इस बीच, अमेरिका में हवाई यात्रा से जुड़ी परेशानियां रविवार तक जारी रहने की आशंका है। एयरलाइंस देशभर में उड़ानों के सामान्य संचालन को बहाल करने की कोशिश कर रही हैं। यह संकट फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) की एयर ट्रैफिक कंट्रोल संचार प्रणाली में आई तकनीकी गड़बड़ी के कारण शुरू हुआ था।

एफएए प्रमुख ब्रायन बेडफोर्ड ने शनिवार को कहा कि उड़ानों का शेड्यूल रविवार देर रात तक सामान्य हो पाएगा। उन्होंने बताया कि एजेंसी तकनीकी समस्याओं को ठीक करने और संचालन को स्थिर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

एविएशन ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के अनुसार, शनिवार शाम 6:45 बजे (ईटी) तक अमेरिका में 6,150 से ज्यादा उड़ानें रद्द हो चुकी थीं, जबकि 7,300 से अधिक उड़ानों में देरी हुई थी।

इससे एक दिन पहले शुक्रवार को स्थिति और भी खराब थी। उस दिन करीब 9,200 उड़ानें रद्द कर दी गई थीं और 7,500 अन्य उड़ानों में देरी हुई थी। वहीं, शनिवार शाम तक रविवार के लिए निर्धारित 530 से ज्यादा उड़ानें भी रद्द की जा चुकी थीं।

ब्रायन बेडफोर्ड ने प्रभावित यात्रियों से माफी मांगते हुए कहा कि देश की विमानन व्यवस्था सुरक्षित और स्थिर है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि एफएए सामान्य सेवाएं बहाल करने के लिए लगातार काम कर रहा है और उम्मीद है कि रविवार देर रात तक अधिकांश उड़ानें फिर से सामान्य हो जाएंगी।

लगातार जारी इस अव्यवस्था के कारण देशभर के एयरपोर्ट्स पर हजारों यात्री फंसे हुए हैं। वहीं, एयरलाइंस को अपने विमानों, पायलटों और अन्य क्रू सदस्यों को सही जगह पहुंचाने की अतिरिक्त चुनौती का भी सामना करना पड़ रहा है, ताकि नियमित उड़ान सेवाएं फिर से शुरू की जा सकें।

--आईएएनएस

एवाई/एबीएम

Share this story

Tags