Samachar Nama
×

अमेरिका ने ईरान पर फिर बोला हमला, अमेरिकी अधिकारी बोले- जॉर्डन अटैक का लिया बदला

अमेरिका ने ईरान पर फिर बोला हमला, अमेरिकी अधिकारी बोले- जॉर्डन अटैक का लिया बदला
अमेरिका ने ईरान पर फिर बोला हमला, अमेरिकी अधिकारी बोले- जॉर्डन अटैक का लिया बदला

वाशिंगटन, 30 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिका ने ईरान के खिलाफ नए सिरे से सैन्य हमले शुरू कर दिए हैं। अमेरिकी प्रशासन ने इसे जवाबी कार्रवाई बताया है। अधिकारियों के अनुसार, ईरान ने मध्य-पूर्व में तैनात अमेरिकी सेना पर हमले की कोशिश की थी।

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने कहा कि ऑपरेशन बुधवार को ईस्टर्न टाइम के हिसाब से रात 8 बजे शुरू हुआ।

सेंटकॉम ने एक बयान में कहा, "अमेरिकी सेना ने आज रात 8 बजे ईरान के खिलाफ हमले शुरू किए। ये हमले कल मिडिल ईस्ट में मौजूद अमेरिकी सेना पर ईरान के हमले की कोशिश का एक जोरदार जवाब हैं।"

ये हमले ईरान के जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च करने के 24 घंटे से भी कम समय में हुए। अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि एयर डिफेंस ने इस हमले को नाकाम कर दिया।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पहले जोरदार जवाब देने की बात करते हुए कहा था कि हमले की कोशिश के बाद अमेरिका ईरान पर बहुत जोरदार हमला करेगा। सेंटकॉम ने ईरान के अंदर हुए नए हमलों की जगहों या उनके दायरे के बारे में तुरंत कोई जानकारी साझा नहीं की है।

हालांकि, ईरानी सरकारी मीडिया की रिपोर्ट में कहा गया है कि होर्मोजगान और खुजेस्तान समेत कई दक्षिणी प्रांतों में धमाकों की आवाज सुनी गई और तेल के इंफ्रास्ट्रक्चर के पास तथा फारस की खाड़ी के द्वीपों पर हमले हुए।

ईरानी अधिकारियों ने केशम द्वीप में रिहायशी इलाकों को हुए नुकसान की भी खबर दी, जहां बचावकर्मी मलबे के नीचे फंसे लोगों को ढूंढ रहे थे।

इस नए ऑपरेशन ने ईरान के खिलाफ सीधे अमेरिकी हमलों में आई थोड़ी देर की शांति को खत्म कर दिया और यह संकेत दिया कि लड़ाई को रोकने की डिप्लोमैटिक कोशिशों की जगह अब फिर से सैन्य कार्रवाई ने ले ली है।

यह जवाबी कार्रवाई जॉर्डन में अमेरिकी ठिकानों पर ईरान के मिसाइल हमले के बाद हुई। इस हमले को लेकर अमेरिकी सैन्य अधिकारियों ने कहा कि नुकसान पहुंचाने से पहले उसे रोक लिया गया था। तेहरान ने कहा था कि उसने यह हमला अमेरिकी सेना की आक्रामक कार्रवाई के जवाब में किया था।

इसके अलावा, सेंटकॉम ने कहा कि वह अपनी नेवल नाकाबंदी के जरिए ईरान पर समुद्री दबाव बढ़ाना जारी रखे हुए है।

कमांड ने एक और बयान में कहा, "सेंटकॉम की सेना ईरान के खिलाफ अमेरिका की नाकाबंदी को सख्ती से लागू कर रही है। 29 जुलाई तक सेंटकॉम ने 20 कमर्शियल जहाजों को दूसरी तरफ मोड़ दिया है, 2 को निष्क्रिय कर दिया और 2 पर अपना नियंत्रण हासिल कर लिया।"

समुद्री उपायों से पता चलता है कि तेहरान के खिलाफ सैन्य ऑपरेशन को आर्थिक और नौसैनिकों के दबाव के साथ जोड़ने की वाशिंगटन की बड़ी रणनीति है।

--आईएएनएस

केके/एएस

Share this story

Tags