उर्मिला मातोंडकर ने लगभग ठुकरा दिया था 'छम्मा छम्मा' गाना, राजकुमार संतोषी के समझाने पर किया परफॉर्म
मुंबई, 26 जून (आईएएनएस)। बॉलीवुड के कई ऐसे गाने हैं जो लोगों के दिलों में खास जगह बना लेता है। ऐसा ही एक गाना है फिल्म 'चाइना गेट' का मशहूर डांस नंबर 'छम्मा छम्मा', जिसे आज भी दर्शक बड़े चाव से सुनते और देखते हैं। इस गाने में अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर की परफॉर्मेंस को लोगों ने काफी पसंद किया था।
इस गाने को लेकर अब उर्मिला ने एक दिलचस्प खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वह इस गाने को करने के लिए शुरुआत में बिल्कुल भी तैयार नहीं थीं। उन्होंने इसके लिए लगभग मना कर दिया था।
दरअसल, उर्मिला मातोंडकर टीवी शो 'इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5' के एक एपिसोड में स्पेशल गेस्ट के तौर पर शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने 'छम्मा छम्मा' गाने की शूटिंग के समय को याद किया और बताया, "जब मुझे फिल्म 'चाइना गेट' के इस गाने का ऑफर मिला और मुझे बताया गया कि यह निर्देशक राजकुमार संतोषी की फिल्म का गाना है, तो मैंने इसे करने के लिए लगभग मना कर दिया था, क्योंकि उस समय इंडस्ट्री में आइटम नंबर को लेकर एक अलग सोच थी, जिसके चलते मैं शुरुआत में इस गाने को करने में झिझक रही थी।"
उन्होंने आगे कहा, ''बाद में निर्देशक राजकुमार संतोषी ने मुझसे बात की और मेरा नजरिया बदल दिया। उन्होंने समझाया कि पहले भी एक ऐसा गाना बनाया गया था, जिसे लोग डांस करते समय हमेशा याद करते हैं। वह चाहते हैं कि मैं एक ऐसा गाना करूं जो दर्शकों के दिल और दिमाग में लंबे समय तक बना रहे। इसके बाद मैंने इस गाने को करने का फैसला लिया।''
उर्मिला मातोंडकर ने इस गाने की शूटिंग से जुड़ी एक और दिलचस्प जानकारी साझा की। उन्होंने बताया, ''जब मैंने कोरियोग्राफर गणेश आचार्य से पूछा कि इस गाने की शूटिंग में कितना समय लगेगा, तो उन्होंने बताया कि लगभग 12 दिन लग सकते हैं। लेकिन पूरी टीम की मेहनत, तैयारी और तालमेल की वजह से यह गाना सिर्फ तीन दिनों में ही शूट कर लिया गया। यह अनुभव मेरे लिए बेहद खास था, क्योंकि इतनी तेजी से एक इतना बड़ा और लोकप्रिय गाना तैयार होना आसान नहीं होता।''
इसी कार्यक्रम में मौजूद अभिनेत्री करिश्मा कपूर ने भी इस गाने को लेकर अपनी यादें साझा कीं। उन्होंने कहा, ''जब यह गाना पहली बार रिलीज हुआ था, तब मुझे यह बहुत पसंद आया था। उर्मिला ने इस गाने में शानदार काम किया है। यह गाना अपने समय में भी बेहद खास था और आज भी इसकी लोकप्रियता कम नहीं हुई है।''
--आईएएनएस
पीके/एएस

