प्रधानमंत्री मोदी ने 'किआ ओरा' इवेंट को बताया 'यादगार'
ऑकलैंड, 11 जुलाई (आईएएनएस)। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑकलैंड में मिले प्यार और सम्मान के लिए प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन और प्रवासी भारतीय समुदाय का आभार जताया है। शनिवार को स्पार्क एरिना में हुए कार्यक्रम के दौरान जुटे अपार जन समुदाय के उत्साह को पीएम मोदी ने यादगार अनुभव करार दिया।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किआ ओरा मोदी इवेंट में जुटे भारतीय प्रवासियों की खुशी को बयां करते हुए लिखा, "न्यूजीलैंड में मौजूद भारतीय समुदाय हमारी मित्रता के मजबूत स्तंभ हैं और इन्हें संबोधित करना मेरे लिए यादगार रहा।"
कुछ झलकियां साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने आगे लिखा, "खुश हूं कि मेरे दोस्त क्रिस्टोफर लक्सन भी मेरे साथ इस कार्यक्रम का हिस्सा बने। उनकी मौजूदगी ने जता दिया कि भारत और भारतीय समुदाय के प्रति कितनी आत्मीयता है।"
कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक भारतीय प्रवासी शामिल हुए। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन भी विशेष रूप से इस आयोजन में पहुंचे। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत प्रधानमंत्री लक्सन की उपस्थिति और भारत-न्यूजीलैंड साझेदारी के लिए उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देकर की।
प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय समुदाय की कड़ी मेहनत, संकल्प और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि भारत और न्यूजीलैंड के संबंधों में यादें, मित्रता, मूल्य और प्रतिबद्धता शामिल हैं।
उन्होंने न्यूजीलैंड की माओरी संस्कृति के शब्द ‘वाका’ (माओरी नाव/डोंगी) का उल्लेख करते हुए कहा कि यह दोनों देशों के संबंधों को परिभाषित करता है। उन्होंने कहा, "वाका हमारी साझा सफर की प्रतीक है। आज भारत-न्यूजीलैंड की यही वाका एक नई यात्रा पर निकलने के लिए तैयार है। हमारे सामने अवसरों से भरा खुला समुद्र है। हवाएं हमारे साथ हैं, समंदर की विशाल लहरें हमारे साथ हैं और इच्छाशक्ति का नीला आसमान हमारे साथ है। पाने को काफी कुछ है; हम सफल होंगे।"
विदेश मंत्रालय (एमईए) के अनुसार, न्यूजीलैंड में भारतीय समुदाय वहां के जीवन के हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली एक गतिशील शक्ति बन चुका है। प्रधानमंत्री मोदी ने समुदाय की संस्कृति, त्योहारों और परंपराओं को संरक्षित रखने के साथ-साथ न्यूजीलैंड के बहुसांस्कृतिक समाज को समृद्ध करने के प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने भारतीय समुदाय की सेवा भावना की विशेष प्रशंसा की और स्वयंसेवा, सामाजिक कार्यों तथा सामुदायिक कल्याण में उनके योगदान को उल्लेखनीय बताया।
एमईए ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने इस सभा को केवल भारतीय प्रवासी समुदाय का कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारत-न्यूजीलैंड मित्रता, खेल संबंधों और आर्थिक साझेदारी का उत्सव बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 दोनों देशों के बीच खेल सहयोग के 100 वर्ष पूरे होने का अवसर है और दोनों देश खेल संबंधों को और मजबूत करने के इच्छुक हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय समुदाय से भारत और न्यूजीलैंड के बीच मित्रता, विश्वास और सहयोग के पुल के रूप में अपनी भूमिका जारी रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी की पूरी क्षमता को हासिल करने में समुदाय की महत्वपूर्ण भूमिका है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "मुझे इस यात्रा की सफलता पर पूरा भरोसा है, क्योंकि इसके असली नाविक मोदी नहीं, आप सभी हैं।"
उनके संबोधन के दौरान कार्यक्रम स्थल "मोदी-मोदी" और "भारत माता की जय" के नारों से गूंज उठा।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ऑकलैंड से लेकर वेलिंगटन और क्राइस्टचर्च से लेकर क्वीन्सटाउन तक न्यूजीलैंड के हर हिस्से में फैला भारतीय समुदाय इस साझा यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन, न्यूजीलैंड सरकार के सहयोगियों और मौजूद लेबर पार्टी के सदस्यों का भी आभार जताया।
उन्होंने कहा कि यह भारत-न्यूजीलैंड संबंधों के लिए मौजूद व्यापक राजनीतिक समर्थन और न्यूजीलैंड में भारतीय समुदाय के योगदान को दर्शाता है।
कार्यक्रम से पहले कलाकारों ने भारतीय प्रधानमंत्री के स्वागत में सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियां और लोक संगीत कार्यक्रम पेश किए। भारतीय तिरंगा और न्यूजीलैंड के झंडे हाथों में लिए बड़ी संख्या में मौजूद भारतीय समुदाय के लोग प्रधानमंत्री मोदी की एक झलक पाने के लिए उत्साहित नजर आए।
यह आयोजन भारत और न्यूजीलैंड के बीच मजबूत जन-से-जन संबंधों को दर्शाता है। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने प्रधानमंत्री की यात्रा को लेकर भारतीय समुदाय के उत्साह को भी प्रदर्शित किया।
--आईएएनएस
केआर/

