तीन-चार साल की उम्र में पुलिस के चक्कर में फंस गई थीं उमा थर्मन, लाल हाई हील्स खरीदने के लिए घर से चुराए थे पैसे
मुंबई, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। हॉलीवुड एक्ट्रेस उमा थर्मन ने बचपन का एक ऐसा किस्सा शेयर किया है, जिसके जिक्र से आज भी उन्हें अपना डर याद आ जाता है। एक्ट्रेस ने बताया कि जब वह महज तीन या चार साल की थीं, तब लाल रंग की हाई हील्स खरीदने के लिए उन्होंने घर से 75 सेंट चुरा लिए थे।
वह अकेले जूते की दुकान पर पहुंच गईं और दुकानदार को पैसे देकर जूते खरीदने की कोशिश की। लेकिन दुकानदार को शक हो गया कि इतनी छोटी बच्ची अकेले कैसे आई है। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया और उमा को लगा कि अब उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
उमा थर्मन ने यह किस्सा जिमी फैलन के शो 'द टुनाइट शो विद जिमी फैलन' में सुनाया।
उन्होंने कहा, ''मेरा परिवार मैसाचुसेट्स के एमहर्स्ट शहर में शिफ्ट हुआ था। मेरे पिता वहां टीचर थे। नए शहर में पहुंचते समय मेरी नजर एक जूते की दुकान की खिड़की में रखी लाल रंग की हाई हील्स पर पड़ी थी। उस वक्त मैं करीब तीन या चार साल की थी और मुझे उन जूतों को देखकर खरीदने का मन हो गया।''
एक्ट्रेस ने आगे कहा, ''अगले दिन मेरी मां दोपहर में सो रही थीं, तभी मैंने टेबल से करीब 75 सेंट उठाए और अकेली ही जूते खरीदने निकल पड़ी। मुझे दुकान का रास्ता याद था, इसलिए मैं वहां पहुंच भी गई। दुकान में मैंने जूते पहने और दुकानदार को भरोसा दिलाया कि मेरी मां भी आने वाली हैं। सब कुछ ठीक चल रहा था। मैंने जूते ट्राई किए, और फिर दुकानदार को 75 सेंट दे दिए। लेकिन दुकानदार को मेरी बात पर भरोसा नहीं हुआ।''
एक्ट्रेस ने कहा, ''मुझसे दुकानदार ने पूछताछ शुरू कर दी। वह समझ गया था कि इतनी छोटी बच्ची की मां शायद दुकान पर आने वाली नहीं है। उसने वहां पुलिस वालों को बुला लिया। पुलिसवालों ने मुझसे मेरे घर का पता पूछा, लेकिन मुझे मेरे घर की सड़क का नाम तक नहीं पता था। मैंने पुलिसवालों से कहा कि मैं खुद घर लौट जाऊंगी, क्योंकि मेरा घर पास में ही है। हालांकि, पुलिस ने मेरी बात नहीं मानी और मुझे अपने साथ ले गई।''
उमा ने कहा, ''मुझे आज भी यह घटना अच्छी तरह याद है, क्योंकि उस दिन मैं अपनी जिंदगी में पहली बार इतना डरी थी। मुझे सच में लग रहा था कि पुलिस मुझे गिरफ्तार करने जा रही है। पुलिस का एक अधिकारी मुझे अपनी गोद में लेकर गाड़ी में बैठा हुआ था। पुलिस की गाड़ी शहर में घूमती रही, लेकिन अब मैं अपना घर पहचान नहीं पा रही थी।''
उमा ने कहा, ''कुछ देर बाद मुझे सड़क पर अपनी मां दिखाई दी। वह घबराकर सड़क पर चिल्ला रही थीं। उन्हें देखते ही पुलिसवालों को समझ आ गया कि यही बच्ची की मां हैं।''
--आईएएनएस
पीके/एबीएम

