Samachar Nama
×

'मैं आपको पहले से जानता हूं', आयुष्मान खुराना की इस बात ने रुपिंदर वालिया को कर दिया इमोशनल

'मैं आपको पहले से जानता हूं', आयुष्मान खुराना की इस बात ने रुपिंदर वालिया को कर दिया इमोशनल
'मैं आपको पहले से जानता हूं', आयुष्मान खुराना की इस बात ने रुपिंदर वालिया को कर दिया इमोशनल

मुंबई, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। अभिनेता रुपिंदर वालिया इन दिनों हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'उड़ता तीर' को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म में उन्होंने काउंटर टेररिज्म स्क्वॉड (सीटीएस) में तैनात एक सिख एजेंट का किरदार निभाया, जिसे दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं। इस बीच उन्होंने अभिनेता आयुष्मान खुराना के साथ काम के अनुभव को साझा किया।

रुपिंदर ने बताया कि आयुष्मान ने पहली मुलाकात में ही उन्हें सहज महसूस कराया और अपने व्यवहार से उनका दिल जीत लिया।

रुपिंदर वालिया ने कहा, ''मैं पहली बार आयुष्मान पाजी से फाइट सीक्वेंस की रिहर्सल के दौरान मिला था। वह पहले से रिहर्सल कर रहे थे, तभी प्रोडक्शन टीम ने मेरा उनसे परिचय कराया। उन्होंने कहा, 'ओह, आप रुपी पाजी हैं। मैं आपको पहले से जानता हूं। मैंने आकाश कौशिक से आपके किस्से सुने हैं।'''

अभिनेता ने आगे कहा, ''मैं उस पल बेहद भावुक हो गया था। आयुष्मान जैसे लोकप्रिय कलाकार का किसी नए कलाकार को इस तरह अपनापन देना मेरे लिए बहुत खास था। उनकी मौजूदगी ने मुझे पहले ही प्रभावित कर दिया था, लेकिन जिस तरह उन्होंने आगे बढ़कर मुझे सहज महसूस कराया, उसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है।''

रुपिंदर ने शूटिंग के माहौल के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा, ''आयुष्मान एक सच्चे जेंटलमैन हैं और जानते हैं कि दूसरों को सहज कैसे महसूस कराना है। शूटिंग के दौरान वह हमारे साथ हर सीन की रिहर्सल करने आते थे। माहौल इतना खुशनुमा हो जाता था कि ऐसा लगता ही नहीं था कि हम शूटिंग कर रहे हैं। ऐसा महसूस होता था जैसे परिवार के बीच कुछ हो रहा हो।''

फिल्म 'उड़ता तीर' को धर्मा प्रोडक्शंस और सिख्या एंटरटेनमेंट ने मिलकर बनाया है। इस फिल्म से आकाश ए. कौशिक ने निर्देशन की दुनिया में कदम रखा है। कहानी एक ऐसे एजेंट के इर्द-गिर्द घूमती है, जो मिशन के बीच अपनी पहचान भूल जाता है और खुद को भारतीय काउंटर टेररिज्म अधिकारी समझने लगता है। फिल्म में कॉमेडी के साथ कई दिलचस्प घटनाएं देखने को मिलती हैं।

आयुष्मान खुराना और रुपिंदर वालिया के अलावा फिल्म में राहुल बोस, राम कपूर, गुलशन ग्रोवर, रघुबीर यादव और बृजेंद्र काला भी अहम भूमिकाओं में हैं।

'उड़ता तीर' 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इसे समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली।

--आईएएनएस

पीके/एबीएम

Share this story