Samachar Nama
×

कर्नाटक: बेंगलुरु अंडरपास हादसे में दो मजदूरों की मौत, तीन घायल

कर्नाटक: बेंगलुरु अंडरपास हादसे में दो मजदूरों की मौत, तीन घायल
कर्नाटक: बेंगलुरु अंडरपास हादसे में दो मजदूरों की मौत, तीन घायल

बेंगलुरु, 11 अगस्त (आईएएनएस)। बेंगलुरु में कांतीरवा स्टूडियो अंडरपास निर्माण स्थल पर मंगलवार सुबह मिट्टी का एक हिस्सा धंसने से दो निर्माण मजदूरों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।

इस टर्नकी परियोजना का क्रियान्वयन बेंगलुरु विकास प्राधिकरण (बीडीए) द्वारा नियुक्त ठेकेदार पीजेबी इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।

मृतक मजदूरों की पहचान ओडिशा के सोनाराम और पश्चिम बंगाल के परिमल बाशक के रूप में हुई है। घायल मजदूरों में झारखंड के सदानंद, छत्तीसगढ़ के इमरियास और झारखंड के सुनील कल्कोर शामिल हैं।

घटना के बाद, बीडीए चेयरमैन ने हादसे का कारण पता लगाने के लिए स्वतंत्र जांच के आदेश दिए। जांच समिति में एक रिटायर्ड जज और एक रिटायर्ड चीफ इंजीनियर शामिल होंगे और उन्हें 45 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।

बीडीए के मुताबिक, निर्माण कार्य के दौरान मिट्टी का एक हिस्सा धंस गया, जिससे साइट पर मौजूद पांच मजदूर प्रभावित हुए। अथॉरिटी ने कहा कि लेबर डिपार्टमेंट और संबंधित जिला प्रशासन के साथ मिलकर मृतक मजदूरों के शवों को उनके पैतृक स्थानों पर भेजने की कोशिशें की जा रही हैं।

घायल मजदूरों का इलाज पास के अस्पताल में चल रहा है। बीडीए ने कहा कि वह यह सुनिश्चित करेगा कि उन्हें सबसे अच्छा इलाज मिले और उनके इलाज का खर्च भी वही उठाएगा। घायल मजदूरों और उनके परिवारों को जरूरी मदद भी दी जाएगी।

राहत उपायों के तहत, बीडीए ने हादसे में मारे गए दो मजदूरों के परिवारों को 8-8 लाख रुपए का मुआवजा देने की घोषणा की।

बीडीए ने मृतक मजदूरों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि हादसे के बाद जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

कांतीरवा स्टूडियो अंडरपास का काम एक टर्नकी प्रोजेक्ट के तौर पर किया जा रहा है, जिसके तहत ठेकेदार प्रोजेक्ट के डिजाइन, निर्माण और कमीशनिंग सहित पूरे काम के लिए जिम्मेदार होता है और पूरा होने के बाद सुविधा क्लाइंट को सौंपता है।

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी

Share this story

Tags