Samachar Nama
×

तेलंगाना: 'जॉब कैलेंडर निकला मजाक', राहुल गांधी पर बरसे केटीआर

तेलंगाना: 'जॉब कैलेंडर निकला मजाक', राहुल गांधी पर बरसे केटीआर
तेलंगाना: 'जॉब कैलेंडर निकला मजाक', राहुल गांधी पर बरसे केटीआर

हैदराबाद, 26 नवंबर (आईएएनएस)। भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव (केटीआर) ने गुरुवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि तेलंगाना में दो लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किए जाने के लगभग तीन साल बाद भी पूरा नहीं हुआ है।

सोशल मीडिया पर कांग्रेस सांसद की आलोचना करते हुए केटीआर ने राहुल गांधी का 27 नवंबर 2023 का एक पोस्‍ट शेयर किया, जो उन्होंने हैदराबाद के दौरे के बाद किया था।

रामाराव ने लिखा, "तीन साल पहले आपने हैदराबाद के अशोक नगर में ड्रामा किया था। नाटकीय रोशनी के बीच ईरानी चाय की चुस्की लेना, फोटो के लिए पोज देना और बड़े-बड़े वादे करना। तीन साल बाद, सच सामने आ गया है। दो लाख नौकरियां एक 'मिथक' हैं। 'युवा विकासम' एक 'मृगतृष्णा' है। आपका 'जॉब कैलेंडर' तेलंगाना के युवाओं के भरोसे का मजाक उड़ाने जैसा है। नौकरियां पैदा करना कोई फोटोशूट नहीं है। यह चाय पीते हुए किया जाने वाला कोई पीआर स्टंट भी नहीं है। इसके लिए विजन चाहिए। एक भी नौकरी पैदा करने के लिए अटूट प्रतिबद्धता की जरूरत होती है।"

केटीआर ने कहा, "आप फेल हो गए हैं। आपने और आपके जोकरों की पूरी टोली ने बार-बार साबित किया है कि आप तेलंगाना के युवाओं के लिए कुछ नहीं कर सकते। लेकिन राहुल गांधी, मैं आपको याद दिला दूं... जिन युवाओं ने अलग तेलंगाना के लिए कांग्रेस के अत्याचारों का सामना किया, वे फिर से लड़ सकते हैं। वे तेलंगाना को कांग्रेस की बुरी पकड़ से फिर से आजाद कराने के लिए लड़ेंगे। यह केसीआर की जमीन है। यह लड़ाकों की जमीन है और लड़ाके कभी धोखा नहीं भूलते।"

राहुल गांधी ने 2023 की अपनी पोस्ट में के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) के नेतृत्व वाली तत्कालीन बीआरएस सरकार को निशाना बनाया था।

उन्होंने कहा था, "तेलंगाना के युवा 'डोराला' (सामंती) केसीआर सरकार के तहत बहुत परेशान हैं, हैदराबाद के अशोक नगर में मेरे हालिया दौरे ने इसे बिल्कुल साफ कर दिया है। हमारा 'जॉब कैलेंडर' उनके दर्द को कम करने की दिशा में पहला कदम है।"

राहुल गांधी ने लिखा था कि कांग्रेस एक साल के भीतर दो लाख सरकारी नौकरियां सुनिश्चित करेगी, तेलंगाना लोक सेवा आयोग (टीएसपीएससी) को यूपीएससी की तर्ज पर नया रूप देगी और 'युवा विकासम' के तहत 5 लाख रुपए की सहायता देगी। कांग्रेस की 'प्रजाला सरकार' के हाथों में हमारे युवाओं का भविष्य सुरक्षित है - यह मेरी गारंटी है।"

--आईएएनएस

एएसएच/एबीएम

Share this story