Samachar Nama
×

तेलंगाना: असंतुष्ट दो विधायकों ने एआईसीसी प्रभारी से मुलाकात की

तेलंगाना: असंतुष्ट दो विधायकों ने एआईसीसी प्रभारी से मुलाकात की
तेलंगाना: असंतुष्ट दो विधायकों ने एआईसीसी प्रभारी से मुलाकात की

हैदराबाद, 24 नवंबर (आईएएनएस)। तेलंगाना में कांग्रेस के दो विधायकों ने, जिन्होंने राज्य सरकार के खिलाफ खुलकर असहमति जताई है, सोमवार रात एआईसीसी के नवनियुक्त प्रभारी बी. एम. संदीप से मुलाकात की।

पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर मुनुगोडे के विधायक कोमाटिरेड्डी राज गोपाल रेड्डी और जडचेरला के विधायक अनिरुद्ध रेड्डी ने अलग-अलग संदीप से मुलाकात की।

माना जा रहा है कि दोनों विधायकों ने सरकार की आलोचना करने वाले अपने हालिया बयानों को लेकर संदीप के सामने स्पष्टीकरण दिया है।

खबरों के अनुसार, एआईसीसी प्रभारी ने विधायकों को सलाह दी है कि वे सार्वजनिक रूप से अपनी राय रखने से बचें। उन्होंने विधायकों से कहा कि अगर उन्हें कोई शिकायत है, तो वे उनसे संपर्क कर सकते हैं।

इससे पहले संदीप ने कहा था कि वह पार्टी के सभी नेताओं से चर्चा करने और राज्य के हालात को समझने के बाद ही विधायकों से जुड़े मुद्दों पर कोई जवाब देंगे।

इससे पहले एआईसीसी प्रभारी ने तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी (टीपीसीसी) के अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ और टीपीसीसी की अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति (डीएसी) के अध्यक्ष मल्लू रवि के साथ भी इस मुद्दे पर चर्चा की थी।

मल्लू रवि ने कहा कि राज गोपाल रेड्डी ने हद पार कर दी है और अब एआईसीसी उनके खिलाफ कोई फैसला लेगी।

पार्टी नेताओं का एक धड़ा नेतृत्व पर दबाव बना रहा है कि वे राज गोपाल रेड्डी के खिलाफ कार्रवाई करें, जो मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की खुलकर आलोचना कर रहे थे।

पिछले सप्ताह राज गोपाल रेड्डी ने विकास कार्यों के लिए फंड आवंटन में भेदभाव का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्का और मंत्री एन. उत्तम कुमार रेड्डी पर निशाना साधा था।

अनिरुद्ध रेड्डी ने सरकारी अधिकारियों द्वारा किए जा रहे भ्रष्टाचार पर गंभीर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि उनके बर्ताव से कांग्रेस सरकार की छवि खराब हो रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी अधिकारी बिल पास करने के बदले ठेकेदारों से भारी कमीशन की मांग कर रहे हैं।

19 नवंबर को सिद्दीपेट में एक जनसभा को संबोधित करते हुए, रेवंत रेड्डी ने असंतुष्ट कांग्रेस विधायकों पर निशाना साधते हुए कहा था कि ऐसा लगता है जैसे उन्हें 'पागल कुत्तों ने काट लिया है।' उन्होंने यह भी कहा था कि पार्टी कार्यकर्ता उन्हें 'पागलखाने' ले जाएंगे।

अगले ही दिन राज गोपाल रेड्डी ने मुख्यमंत्री को जवाब देते हुए कहा कि ऊंचे पदों पर बैठे नेताओं को मर्यादित भाषा में बात करनी चाहिए। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में राजा गोपाल रेड्डी ने कहा, "उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि अगर वे सत्ता के अहंकार में आकर मनमानी करते हैं, तो जनता इसे बिल्कुल पसंद नहीं करेगी।"

विधायक ने आगे कहा, "यह याद रखना चाहिए कि न तो तेलंगाना की जनता और न ही इतिहास, सत्ता में बैठे उन लोगों को कभी माफ करेगा, जो शायद किस्मत के सहारे इस मुकाम तक पहुंचे हैं, और अब जमकर भ्रष्टाचार कर रहे हैं, जनता की जरूरतों को नजरअंदाज कर रहे हैं, और एक दुर्भावनापूर्ण प्रशासन चला रहे हैं।"

उन्होंने कहा, "मैं भगवान अयप्पा से प्रार्थना करता हूं कि वे इन प्रमुख नेताओं को सद्बुद्धि दें और आत्म-चिंतन की क्षमता प्रदान करें, ताकि वे ईमानदारी और निष्ठा के साथ शासन कर सकें और अपने किए गए वादों को पूरा कर सकें।"

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी

Share this story

Tags