Samachar Nama
×

आंध्र प्रदेश के स्कूल में चेनसॉ से हमला, दो दसवीं की छात्राएं गंभीर रूप से घायल

आंध्र प्रदेश के स्कूल में चेनसॉ से हमला, दो दसवीं की छात्राएं गंभीर रूप से घायल
आंध्र प्रदेश के स्कूल में चेनसॉ से हमला, दो दसवीं की छात्राएं गंभीर रूप से घायल

अनंतपुर, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले के राप्ताडू स्थित एक स्कूल परिसर में चेनसॉ (लकड़ी काटने वाली इलेक्ट्रिक आरी) से किए गए हमले में दसवीं कक्षा की दो छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। इनमें से एक छात्रा के चेहरे, सिर और गले पर गहरे जख्म आए हैं। दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है और एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।

अधिकारियों के अनुसार, गंभीर रूप से घायल छात्रा को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसे आपातकालीन चिकित्सा सुविधा दी जा रही है। पुलिस ने हमलावर की तलाश के लिए अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस मामले की व्यापक जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आरोपी व्यक्ति हमले से पहले छात्रा को जानता था या नहीं। जांच अधिकारी हमलावर की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटे हैं।

हमले में छात्रा की गर्दन और पेट पर गहरे घाव आए हैं, जबकि उसका दायां हाथ लगभग कट गया है। इस दौरान दूसरी छात्रा ने जब उसे बचाने की कोशिश की तो हमलावर ने उस पर भी हमला कर दिया, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों छात्राओं का एक निजी अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना के दौरान स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हमले को देखकर छात्र और शिक्षक अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हमलावर के मौके से फरार होने के बाद शिक्षकों ने पुलिस को सूचना दी और तत्काल एंबुलेंस बुलाई। इसके बाद दोनों घायल छात्राओं को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। इस घटना के बाद स्कूल के विद्यार्थियों और कर्मचारियों में डर का माहौल है। वहीं, पीड़ित छात्राओं के परिजनों और अन्य विद्यार्थियों के अभिभावकों ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

अभिभावकों ने सवाल किया कि चेनसॉ लेकर एक व्यक्ति स्कूल परिसर में कैसे दाखिल हुआ, वह इमारत के अंदर पहुंचकर कक्षा तक कैसे गया और सुरक्षा कर्मियों या स्कूल कर्मचारियों को इसकी भनक तक क्यों नहीं लगी। इस बीच, देश को झकझोर देने वाली एक अन्य घटना में हरियाणा के पंचकूला स्थित एक सरकारी स्कूल में तीसरी कक्षा के एक छात्र पर छह साल के बच्चे के साथ कथित तौर पर बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगा है। अधिकारियों ने शनिवार को इसकी जानकारी दी।

यह घटना कक्षा में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी, जिसका वीडियो बाद में वायरल हो गया। इस घटना ने भी स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story