Samachar Nama
×

रूस के क्रास्नोडार में यूक्रेनी ड्रोन का हमला, दो बच्चों की मौत, सात घायल

रूस के क्रास्नोडार में यूक्रेनी ड्रोन का हमला, दो बच्चों की मौत, सात घायल
रूस के क्रास्नोडार में यूक्रेनी ड्रोन का हमला, दो बच्चों की मौत, सात घायल

मॉस्को, 24 अगस्त (आईएएनएस)। रूस के दक्षिण-पश्चिमी शहर क्रास्नोडार पर यूक्रेनी ड्रोन हमले में दो बच्चों की मौत हो गई और सात अन्य बच्चे घायल हो गए। यह जानकारी सोमवार को क्रास्नोडार क्षेत्र के गवर्नर वेनियामिन कोंद्रात्येव ने दी।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा, "ड्रोन का मलबा क्रास्नोडार के एक निजी बाल केंद्र पर गिरा। दुख की बात है कि दो बच्चों की जान चली गई। मैं उनके परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।"

उन्होंने बताया कि सात अन्य बच्चे घायल हुए हैं और उन्हें जरूरी चिकित्सा सहायता दी जा रही है। इसके अलावा, दो वयस्क भी शहर के अस्पतालों में भर्ती हैं।

स‍िन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, गवर्नर ने बताया क‍ि रातभर चले इस हमले में रिहायशी मकानों, निर्माणाधीन अपार्टमेंट इमारतों और गोदामों को भी नुकसान पहुंचा।

रूस की प्रमुख ई-कॉमर्स कंपनी ओजोन ने बताया कि रविवार रात उसके क्रास्नोडार स्थित लॉजिस्टिक्स सेंटर पर भी हमला हुआ। कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। फिलहाल गोदाम में सामान प्राप्त करने का काम रोक दिया गया है।

इस साल ओजोन के गोदामों पर यह तीसरा हमला था। पहला हमला शनिवार को कंपनी के समारा स्थित गोदाम पर हुआ था, जबकि दूसरा रविवार को ओरेनबर्ग की एक सुविधा पर किया गया।

इससे पहले, यूक्रेनी ड्रोन हमले मुख्य रूप से रूस की एक अन्य बड़ी ऑनलाइन मार्केटप्लेस कंपनी 'वाइल्डबेरीज' की सुविधाओं को निशाना बनाते रहे थे।

इस बीच, रूस के रक्षा मंत्रालय ने रविवार को कहा कि रूसी वायु रक्षा प्रणाली ने 12 घंटे के भीतर देश के विभिन्न क्षेत्रों में 269 यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराया।

मंत्रालय ने बयान में कहा, "मॉस्को समयानुसार सुबह 8 बजे से रात 8 बजे के बीच वायु रक्षा प्रणालियों ने 269 यूक्रेनी फिक्स्ड-विंग ड्रोन को नष्ट कर दिया।"

एक दिन पहले, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा था कि पिछले 40 दिनों में यूक्रेनी सशस्त्र बल लगातार मिसाइलों और ड्रोन की मदद से रूस के नागरिक और लॉजिस्टिक ढांचे पर हमले कर रहे हैं। पुतिन ने इसे रूस को रणनीतिक रूप से कमजोर करने की कोशिश बताते हुए यूक्रेन और उसके पश्चिमी समर्थकों की 'एक और बड़ी बाजी' करार दिया।

पुतिन ने कहा कि रूसी सेना सभी मोर्चों पर अपना अभियान जारी रखे हुए है और सैन्य दबाव भी बढ़ा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि रूस अपने विशेष सैन्य अभियान के लक्ष्यों को हासिल करने में सफल रहेगा।

--आईएएनएस

एवाई/पीएम

Share this story

Tags