डीएमके नेताओं पर महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप, टीवीके चुनाव आयोग जाएगी
चेन्नई, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। तमिलनाडु के ऊर्जा एवं कानून मंत्री आर. निर्मल कुमार ने शनिवार को कहा कि सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) धारापुरम विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के दौरान महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर डीएमके नेताओं के खिलाफ भारत निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज कराएगी।
मीडिया से बातचीत में निर्मल कुमार ने डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन और उनके बेटे एवं नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन पर राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि इन टिप्पणियों में एक महिला उम्मीदवार को भी निशाना बनाया गया।
निर्मल कुमार ने आरोप लगाया कि 6 अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव से पहले डीएमके नेतृत्व की बढ़ती हताशा इन टिप्पणियों में दिखाई दे रही है। उन्होंने दावा किया कि मतदाताओं के सामने सकारात्मक मुद्दे नहीं होने के कारण डीएमके व्यक्तिगत हमलों का सहारा ले रही है।
मंत्री ने कहा कि एमके स्टालिन और उदयनिधि स्टालिन की ओर से इस्तेमाल की गई भाषा उनके असली चरित्र को दिखाती है और इससे पता चलता है कि उनके पास भविष्य के लिए कोई स्पष्ट सोच नहीं है।
उन्होंने इन टिप्पणियों को हताशा में अपनाई गई चुनावी रणनीति बताते हुए आरोप लगाया कि दोनों नेता अपना संयम खो चुके हैं और अनुचित एवं आपत्तिजनक टिप्पणियों के जरिए ध्यान खींचने की कोशिश कर रहे हैं।
निर्मल कुमार ने कहा कि तमिलनाडु में सरकार का नेतृत्व कर रही टीवीके इन कथित टिप्पणियों को लेकर चुनाव आयोग का रुख करेगी। पार्टी की प्रस्तावित शिकायत में खास तौर पर उन टिप्पणियों को शामिल किया जाएगा, जिन्हें महिला उम्मीदवार समेत अन्य लोगों के लिए अपमानजनक और आपत्तिजनक बताया गया है।
निर्मल कुमार ने दावा किया कि डीएमके का राजनीतिक प्रभाव कम हो रहा है और धारापुरम उपचुनाव में मतदाता पार्टी को निर्णायक हार देंगे। उन्होंने डीएमके को समाज के लिए "हानिकारक ताकत" भी बताया।
मंत्री ने एआईएडीएमके पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी के नेतृत्व में पार्टी राजनीतिक रूप से कमजोर हो रही है।
6 अक्टूबर को होने वाले मतदान से पहले जारी चुनाव प्रचार के बीच मंत्री ने विपक्षी दलों पर ये हमले किए। विरोधी दलों की ओर से लगाए गए हॉर्स ट्रेडिंग के आरोपों पर निर्मल कुमार ने कहा कि इन दावों का कोई आधार नहीं है।
उन्होंने इन आरोपों को गलत जानकारी फैलाने के अभियान का हिस्सा बताया और दावा किया कि चुनाव में हार के डर से इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं।
निर्मल कुमार ने कहा कि विपक्षी दल चुनाव नतीजों को लेकर चिंतित हैं। साथ ही उन्होंने उपचुनाव में विपक्ष को झटका लगने का दावा किया। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बारे में पूछे जाने पर मंत्री ने इस प्रक्रिया को लेकर राज्य सरकार के विरोध को दोहराया।
--आईएएनएस
एएमटी/वीसी

