एआईएडीएमके के 90 प्रतिशत कार्यकर्ता टीवीके में शामिल होने को तैयार: टीवीके के मंत्री अर्जुन
चेन्नई, 28 मई (आईएएनएस)। तमिलनाडु की सत्तारूढ़ पार्टी टीवीके के मंत्री आधव अर्जुन ने गुरुवार को दावा किया कि एआईएडीएमके के लगभग 90 प्रतिशत पदाधिकारी और कार्यकर्ता टीवीके में शामिल होने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि टीवीके राज्य का "वास्तविक राजनीतिक भविष्य" बनकर उभरी है।
पनईयूर स्थित टीवीके मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने यह दावा किया। इस दौरान कई छोटे क्षेत्रीय संगठनों और ट्रेड यूनियनों के सदस्यों ने औपचारिक रूप से टीवीके की सदस्यता ग्रहण की। अन्ना ट्रेड यूनियन के अध्यक्ष कमलकन्नन के नेतृत्व में 100 से अधिक लोग पार्टी में शामिल हुए। कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता और मंत्री एन. आनंद भी मौजूद थे।
आधव अर्जुन ने कहा कि तमिलनाडु में अभूतपूर्व राजनीतिक परिवर्तन हो रहा है और सरकार बनने के बाद टीवीके ने तेजी से जनता का विश्वास हासिल किया है। उन्होंने कहा, “पिछले महीने हमने कई नेताओं से मुलाकात की थी और कहा था कि सरकार बनने के बाद फिर से चर्चा करेंगे। आज वह बात हकीकत बन चुकी है।”
उन्होंने टीवीके के वरिष्ठ नेता के.ए. सेंगोट्टैयन की सराहना करते हुए कहा कि जब उन्होंने पार्टी ज्वाइन की थी, तब आलोचकों ने उनका मजाक उड़ाया था, लेकिन अब उनका फैसला सही साबित हो रहा है।
अर्जुन ने कहा, “एमजीआर और जयललिता के बाद अब नेता विजय ने फोर्ट सेंट जॉर्ज पहुंचकर सरकार बनाई है।” उन्होंने दावा किया कि द्रमुक और एआईएडीएमके दोनों ही प्रभावी शासन देने में विफल रहे, जबकि मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने राज्य में भ्रष्टाचार और कमीशन संस्कृति को समाप्त करने की दिशा में कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।
उन्होंने टीवीके के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार का बचाव करते हुए कहा कि यह विभिन्न विचारधाराओं वाले दलों का व्यापक धर्मनिरपेक्ष गठबंधन है। विपक्ष की आलोचना पर सवाल उठाते हुए उन्होंने पूछा कि एआईएडीएमके महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी विधानसभा में सीमित समर्थन के बावजूद अपनी राजनीतिक वैधता का दावा कैसे कर सकते हैं।
हाल के राजनीतिक घटनाक्रमों और दल-बदल की चर्चाओं का उल्लेख करते हुए अर्जुन ने कहा कि टीवीके ने किसी विधायक को लालच या पद का प्रलोभन नहीं दिया है। उन्होंने कहा, “यदि कोई विधायक भी पार्टी में आना चाहता है, तो वह पहले इस्तीफा देकर ईमानदारी से टीवीके में शामिल हो और फिर जनता के बीच जाए। हम उनका स्वागत करेंगे।”
उन्होंने दावा किया कि पूर्व मुख्यमंत्री एम.जी. रामचंद्रन द्वारा दिखाए गए जनकल्याणकारी राजनीतिक मार्ग पर केवल टीवीके ही चल रही है। साथ ही उन्होंने आने वाले हफ्तों में तमिलनाडु की राजनीति में बड़े बदलाव की भविष्यवाणी की।
अर्जुन ने कहा, “अगर जानना है कि आगे क्या होने वाला है, तो इसे अभी लिखकर रख लीजिए। एक महीने के भीतर एआईएडीएमके के 90 प्रतिशत सदस्य टीवीके में शामिल हो जाएंगे।”
--आईएएनएस
डीएससी

