Samachar Nama
×

ट्रंप की एशिया यात्रा के 10 बड़े संदेश: चीन से परमाणु वार्ता, भारत की विकास दर का जिक्र, क्वाड और ईरान पर भी रखी बात

ट्रंप की एशिया यात्रा के 10 बड़े संदेश: चीन से परमाणु वार्ता, भारत की विकास दर का जिक्र, क्वाड और ईरान पर भी रखी बात
ट्रंप की एशिया यात्रा के 10 बड़े संदेश: चीन से परमाणु वार्ता, भारत की विकास दर का जिक्र, क्वाड और ईरान पर भी रखी बात

वाशिंगटन, 21 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एशिया की चार दिवसीय यात्रा से लौटने के बाद अपनी विदेश और आर्थिक नीति से जुड़े कई अहम संकेत दिए। ट्रंप ने न्यूक्लियर रिस्क को लेकर रूस-चीन से बात, भारत की 7 प्रतिशत आर्थिक विकास दर का उदाहरण दिया। वहीं, क्वाड के तहत अत्याधुनिक तकनीक साझा करने की सीमाएं भी स्पष्ट कीं।

शुक्रवार को व्हाइट हाउस में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध, ईरान, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), व्यापार समझौतों और आव्रजन जैसे मुद्दों पर भी अपनी बात रखी। इस दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो भी मौजूद थे। ट्रंप की प्रेस कॉन्फ्रेंस के 10 प्रमुख संदेश इस प्रकार हैं।

ट्रंप ने कहा कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग शेनझेन में हुई मुलाकात के दौरान अमेरिका और रूस के साथ परमाणु जोखिम कम करने पर चर्चा के लिए सहमत हुए। उनके मुताबिक, तीनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि परमाणु संघर्ष किसी भी स्थिति में नहीं होना चाहिए। हालांकि, इस बातचीत के लिए कोई समयसीमा या परमाणु हथियारों में कटौती की योजना घोषित नहीं की गई। ट्रंप ने यह भी स्वीकार किया कि अमेरिका के परमाणु हथियारों के जखीरे को आधा करने पर सहमत होना उनके लिए मुश्किल होगा।

अमेरिका में ब्याज दरें कम करने की वकालत करते हुए ट्रंप ने भारत का उदाहरण दिया। उन्होंने भारत की करीब सात प्रतिशत आर्थिक विकास दर और अपेक्षाकृत कम ब्याज दरों का उल्लेख किया। ट्रंप का तर्क था कि अमेरिका में कर्ज सस्ता होने से आर्थिक विकास दर 14 से 15 प्रतिशत तक पहुंच सकती है और संभव है कि यह 20 प्रतिशत तक भी चली जाए। हालांकि, उन्होंने इस अनुमान के समर्थन में कोई आर्थिक गणना पेश नहीं की।

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने बताया कि भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया की प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधि अगले साल की शुरुआत में बैठक करेंगे। इसका उद्देश्य व्यावसायिक अवसरों और संभावित कारोबारी समझौतों की तलाश करना होगा। मनीला में हुए क्वाड शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए थे। इस बैठक में नेताओं ने आपूर्ति श्रृंखला और समुद्री निगरानी के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति जताई।

एआई को लेकर भी विचार रखे गए। ट्रंप ने कहा कि क्वाड ने अत्याधुनिक कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में सहयोग की पहल की है, लेकिन वह चाहते हैं कि इसका अधिकांश विकास कार्य अमेरिका में ही हो। उन्होंने विदेशों में डेटा सेंटर बनाने वाली अमेरिकी कंपनियों पर भारी कर लगाने की चेतावनी भी दी। दूसरी ओर, उन्होंने कहा कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ एआई सुरक्षा के मुद्दे पर मिलकर काम करने पर सहमति बनी है।

ट्रंप ने चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के प्रमुख जेनसन हुआंग को लेकर कहा कि वह चाहते हैं कि हुआंग माफी मांगकर कंपनी में वापस आएं, हालांकि इससे पहले उन्होंने टिम कुक को इस पद के लिए उपयुक्त बताया था। ट्रंप ने एनवीडिया की ब्लैकवेल चिप विकसित करने में हुआंग की भूमिका की सराहना की। उन्होंने यह भी कहा कि चीन को अमेरिकी चिप बेचने की अनुमति दी जाती है तो वे पुराने मॉडल होने चाहिए।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि उनके रूसी समकक्ष पुतिन ने शेनझेन में मुलाकात के दौरान यूक्रेन युद्ध समाप्त करने की इच्छा जताई। रूस की ओर से नए हमले किए जाने को लेकर सवाल उठने पर भी ट्रंप ने कहा कि दोनों नेता संघर्ष खत्म होते देखना चाहते हैं। हालांकि, उन्होंने युद्धविराम या शांति वार्ता के लिए कोई तारीख घोषित नहीं की।

थाईलैंड से हुई वार्ता का जिक्र करते हुए ट्रंप ने कहा कि बैंकॉक ने अमेरिकी उत्पादों पर सभी आयात शुल्क खत्म करने के समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके अलावा वह हर साल 2.6 अरब डॉलर के अमेरिकी कृषि उत्पाद खरीदने की इच्छुक है। ट्रंप ने इसे शुरुआती आंकड़ा बताया और कहा कि अमेरिका इससे अधिक खरीद की मांग करेगा। फिलीपींस के साथ अलग व्यापारिक रूपरेखा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने मनीला से अपने कृषि और ऊर्जा संबंधी सभी आयात अमेरिका से करने का आग्रह किया है।

ट्रंप ने मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम के साथ मुलाकात के बाद दोनों देशों के बीच व्यापार समझौता होने की संभावना जताई। वहीं, कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की कीस्टोन तेल पाइपलाइन में रुचि का स्वागत किया। हालांकि, उन्होंने अमेरिका और कनाडा के बीच व्यापार घाटे को लेकर नाराजगी जताई। ट्रंप ने इसे करीब 80 अरब डॉलर बताते हुए शून्य तक लाने की इच्छा जाहिर की।

ईरान युद्ध को लेकर ट्रंप ने स्वीकार किया कि उस कारण ईंधन की कीमतों में वृद्धि हुई है, लेकिन उन्होंने परमाणु हथियार हासिल करने से तेहरान को रोकने के उद्देश्य को इस फैसले के लिए पर्याप्त वजह बताया। जब उपराष्ट्रपति जेडी वेंस से पूछा गया कि क्या सीनेट में रिपब्लिकन पार्टी का नियंत्रण गंवाने की कीमत पर युद्ध करना सही था, तो उन्होंने सीधा जवाब देने से परहेज किया। वेंस ने कहा कि फैसला राष्ट्रपति का था और उनका काम उसका समर्थन करना है। ट्रंप ने साफ कहा कि मौका मिलने पर वह दोबारा भी यही फैसला लेंगे।

आव्रजन के मुद्दे पर भी दूसरे मुल्कों से बात हुई। ट्रंप ने कहा कि डेमोक्रेटिक पार्टी के नेताओं ने आव्रजन और स्वास्थ्य सेवाओं के मुद्दों पर उनसे संपर्क किया है। उन्हें उम्मीद है कि बातचीत के दौरान अमेरिका में कई साल पहले अवैध रूप से दाखिल हुए और बाद में वहां काम करने लगे लोगों के भविष्य का मुद्दा भी उठेगा। हालांकि, उन्होंने ऐसे लोगों को अमेरिका में रहने की अनुमति देने को लेकर कोई प्रतिबद्धता नहीं जताई।

--आईएएनएस

केआर/

Share this story

Tags