चीन से भिड़ंत हुई तो ब्राजील नहीं, अमेरिका आएगा काम! ट्रंप ने फिलीपींस पर बनाया दबाव
वाशिंगटन, 21 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिलीपींस को लेकर बड़ा बयान दिया है। दावा किया कि उन्होंने राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर से कहा है कि कृषि और ऊर्जा से जुड़े उत्पाद अमेरिका से खरीदें। ट्रंप ने इसके पीछे चीन के साथ संभावित टकराव का तर्क देते हुए सवाल किया कि अगर चीन के साथ संघर्ष की स्थिति बनती है तो क्या फिलीपींस की मदद के लिए ब्राजील आगे आएगा?
एशिया यात्रा से लौटने के बाद शुक्रवार को व्हाइट हाउस में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में ट्रंप ने बताया कि मनीला यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते की रूपरेखा पर सहमति बनी है। इसके तहत फिलीपींस अमेरिकी उत्पादों पर आयात शुल्क कम करेगा और अमेरिका से खरीद बढ़ाएगा। ट्रंप का दावा है कि इससे अमेरिका और उसके सहयोगी देश के बीच व्यापार घाटा कम करने में मदद मिलेगी।
ट्रंप ने अपनी बातचीत में ब्राजील का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि फिलीपींस अमेरिका से सुरक्षा सहयोग लेता है, लेकिन कृषि उत्पादों की खरीद के मामले में वह ब्राजील को अधिक प्राथमिकता देता रहा है।
उन्होंने सवाल किया, "अगर चीन के साथ उसकी कोई छोटी-मोटी झड़प हो जाती है तो क्या ब्राजील उसकी मदद करेगा? मुझे ऐसा नहीं लगता।"
ट्रंप ने कहा कि उन्होंने मार्कोस जूनियर से आग्रह किया है कि एक जनवरी से फिलीपींस के कृषि उत्पादों का 100 प्रतिशत आयात अमेरिकी किसानों से किया जाए। ऊर्जा क्षेत्र में भी उन्होंने इसी तरह की मांग रखी।
उनके मुताबिक, फिलीपींस अपनी ऊर्जा जरूरतों का करीब पांचवां हिस्सा अमेरिका से खरीदता है और वह चाहता है कि मनीला मध्य पूर्व के देशों से खरीदारी कम कर अमेरिकी आपूर्ति को प्राथमिकता दे।
ट्रंप ने इन दोनों बदलावों को फिलीपींस की प्रतिबद्धता बताया। व्यापार शुल्क के मुद्दे पर उन्होंने पहले कहा कि समझौते के तहत फिलीपींस अमेरिकी उत्पादों पर शुल्क में बड़ी कटौती करेगा।
हालांकि, संवाददाता सम्मेलन के बाद के हिस्से में उन्होंने दावा किया कि फिलीपींस अमेरिकी वस्तुओं पर शुल्क पूरी तरह खत्म कर देगा। उन्होंने अलग-अलग उत्पादों पर लागू शुल्क की दरों का खुलासा नहीं किया।
ट्रंप के साथ मौजूद अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा कि राष्ट्रपति ने पारस्परिक व्यापार समझौते की रूपरेखा पर व्यक्तिगत रूप से बातचीत की थी। उन्होंने कहा कि अमेरिका फिलीपींस का प्रमुख रक्षा साझेदार है और इस सुरक्षा प्रतिबद्धता का व्यावसायिक लाभ भी अमेरिकी कामगारों को मिलना चाहिए।
बुधवार को ट्रंप की राजकीय यात्रा के दौरान रक्षा खरीद का मुद्दा भी उठा था। ट्रंप ने कहा कि दोनों देशों ने फिलीपींस की ओर से दो अरब डॉलर से अधिक के अमेरिकी सैन्य उपकरण खरीदने की घोषणा की है। उन्हें उम्मीद है कि यह आंकड़ा आगे और बढ़ेगा। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि फिलीपींस कौन-कौन से सैन्य उपकरण खरीदेगा और अतिरिक्त खरीद कब तक होगी।
ट्रंप ने फिलीपीन एयरलाइंस की ओर से बोइंग के 20 ड्रीमलाइनर विमानों की प्रस्तावित खरीद का भी उल्लेख किया। इन विमानों में जनरल इलेक्ट्रिक के इंजन होंगे। उन्होंने कहा कि एयरलाइन पहले यूरोप से विमान खरीदने पर विचार कर रही थी, लेकिन अंततः उसने अमेरिकी विमानों को चुना। ट्रंप के मुताबिक, इस ऑर्डर से अमेरिका में करीब 47 हजार नौकरियों को समर्थन मिलेगा।
दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के नेताओं के साथ बैठकों के दौरान हुए 17 अरब डॉलर से अधिक के वाणिज्यिक समझौतों में यह विमान सौदा भी शामिल है। ट्रंप ने बताया कि फिलीपींस और मलेशिया अमेरिकी तकनीक तथा सेवाओं का इस्तेमाल अपने क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए करने पर भी सहमत हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि अमेरिका और फिलीपींस के बीच 1951 में पारस्परिक रक्षा संधि हुई थी। इसके तहत प्रशांत क्षेत्र में किसी भी देश पर सशस्त्र हमला होने की स्थिति में दोनों देश अपनी संवैधानिक प्रक्रियाओं के अनुसार साझा खतरे का सामना करने के लिए कदम उठाने को प्रतिबद्ध हैं। दोनों देश नियमित रूप से सैन्य अभ्यास भी करते हैं।
दक्षिण चीन सागर में इस रक्षा साझेदारी का विशेष महत्व है, जहां चीन और फिलीपींस के बीच समुद्री क्षेत्रों को लेकर विवाद है। दोनों देशों के जहाजों का इन विवादित जलक्षेत्रों में कई बार आमना-सामना हो चुका है।
अमेरिका पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि पारस्परिक रक्षा संधि के तहत दक्षिण चीन सागर में फिलीपींस की सशस्त्र सेनाओं, सार्वजनिक जहाजों और विमानों, जिनमें तटरक्षक बल के जहाज भी शामिल हैं, पर सशस्त्र हमले की स्थिति में उसकी रक्षा प्रतिबद्धता लागू होगी।
--आईएएनएस
केआर/

