Samachar Nama
×

शी और पुतिन से परमाणु हथियारों में कटौती पर बात करना चाहते हैं ट्रंप

शी और पुतिन से परमाणु हथियारों में कटौती पर बात करना चाहते हैं ट्रंप
शी और पुतिन से परमाणु हथियारों में कटौती पर बात करना चाहते हैं ट्रंप

वाशिंगटन, 14 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले हफ्ते प्रस्तावित एशिया यात्रा के दौरान चीनी और रूसी समकक्षों के साथ परमाणु हथियारों में कटौती पर चर्चा करने की योजना बना रहे हैं। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों को इस त्रिपक्षीय बैठक से किसी समझौते के निकलने की उम्मीद नहीं है।

व्हाइट हाउस की सहायक प्रेस सचिव ओलिविया वेल्स ने फिलीपींस और चीन की प्रस्तावित यात्रा के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि चीन की यात्रा के समापन पर यह बैठक होगी।

एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि इस बातचीत का मकसद तुरंत कोई समझौता करना नहीं है, बल्कि यह परमाणु हथियारों के जखीरे को कम करने की दिशा में एक शुरुआती चर्चा है।

नाम न छापने की शर्त पर अधिकारी ने कहा, "हमें किसी तरह के समझौते की उम्मीद नहीं है।"

अधिकारी के अनुसार, ट्रंप की योजना चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बैठक में ईरान के मुद्दे पर चर्चा करने की है, लेकिन यूक्रेन के इस एजेंडे में शामिल होने की संभावना नहीं है। यूक्रेन को लेकर रूस के साथ बातचीत अलग से चल रही है।

अधिकारी ने आगे बताया कि ट्रंप और पुतिन के बीच कोई द्विपक्षीय बैठक तय नहीं है, हालांकि वे अन्य कार्यक्रमों में एक साथ मौजूद रहेंगे।

परमाणु हथियारों पर यह चर्चा ट्रंप के उस दौरे का हिस्सा है, जिसमें क्षेत्रीय कूटनीति के साथ-साथ मौजूदा व्यापार समझौतों को लागू करने के प्रयास भी शामिल हैं। वेल्स ने बताया कि ट्रंप सोमवार सुबह वाशिंगटन से रवाना होंगे और स्थानीय समयानुसार मंगलवार शाम मनीला पहुंचेंगे।

फिलीपींस में, उनके 'क्वाड' नेताओं से मिलने, थाईलैंड के साथ व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करने और यूएस-आसियान विशेष शिखर सम्मेलन में भाग लेने का कार्यक्रम है। बुधवार के लिए एक राजकीय स्वागत समारोह, फिलीपींस के राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय बैठक और एक भोज (बैंक्वेट) की योजना है।

इसके बाद ट्रम्प एपेक नेताओं के रात्रिभोज के लिए शेन्जेन जाएंगे। वेल्स ने बताया कि गुरुवार को एपेक नेताओं के साथ बैठकें होंगी, और शी जिनपिंग के साथ एक द्विपक्षीय बैठक तथा वर्किंग लंच का कार्यक्रम तय है।

एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि व्यापार के मोर्चे पर, चीन के साथ चर्चा का मुख्य जोर नए टैरिफ समझौते की घोषणा करने के बजाय मौजूदा समझौतों को लागू करने पर होगा।

अधिकारी ने बताया कि अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि और ट्रेजरी विभाग के अधिकारियों ने उसी दिन 'बोर्ड ऑफ ट्रेड' के माध्यम से अपने चीनी समकक्षों के साथ मुलाकात की थी। उनकी बातचीत में टैरिफ में संभावित बदलावों और उन गैर-टैरिफ बाधाओं पर चर्चा हुई, जो किसी समझौते के महत्व को कम कर सकती हैं।

अधिकारी ने कहा कि 'रेयर अर्थ' (दुर्लभ खनिजों) और उनसे जुड़े उत्पादों की चीन से होने वाली आपूर्ति की गति और मात्रा से वाशिंगटन अभी भी असंतुष्ट है। इसी चिंता के कारण 'बुसान समझौते' को छह महीने के बजाय केवल दो महीने का विस्तार दिया गया।

अधिकारी ने बताया कि ट्रंप, शी (जिनपिंग) के साथ इस मुद्दे पर चर्चा कर सकते हैं।

अधिकारी के अनुसार, टैरिफ में किसी भी बदलाव के लिए अलग कानूनी प्रक्रियाओं की आवश्यकता होगी। इसमें अमेरिकी कानूनी जरूरतों पर विचार करना और संभवतः 'नोटिस-एंड-कमेंट' (राय जानने के लिए नोटिस जारी करने) की प्रक्रिया शामिल हो सकती है। नेताओं की बैठक के दौरान 'बोर्ड ऑफ ट्रेड' से जुड़ी किसी घोषणा की उम्मीद नहीं है।

अमेरिकी अधिकारियों ने यह भी कहा कि अमेरिकी निर्यात नियंत्रण राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामले हैं और इन पर चीन के साथ कोई बातचीत नहीं की जा रही है। जिन उपायों पर विचार किया जा रहा है, उनमें कथित चिप तस्करी को रोकने के लिए अन्य देशों पर भी लाइसेंसिंग की शर्तें लागू करना और 'रिमोट एक्सेस' पर प्रतिबंधों की समीक्षा करना शामिल है।

ये उपाय अभी केवल विचाराधीन हैं; इन्हें आधिकारिक नीतिगत बदलाव के रूप में घोषित नहीं किया गया है।

एक अधिकारी ने बताया कि एलन मस्क चीन यात्रा के कुछ हिस्सों में ट्रंप के साथ रह सकते हैं, लेकिन वे शी के साथ होने वाली द्विपक्षीय बैठक या शी और पुतिन के साथ होने वाली त्रिपक्षीय बातचीत में शामिल नहीं होंगे। इन बैठकों में केवल अधिकारी ही हिस्सा लेंगे।

व्हाइट हाउस ने बताया कि सितंबर में ट्रंप और शी के बीच हुई बैठक से द्विपक्षीय व्यापार और निवेश बोर्डों से जुड़े काम को आगे बढ़ाने में मदद मिली।

एपेक, एशिया-प्रशांत क्षेत्र में आर्थिक सहयोग के लिए एक मंच प्रदान करता है। वेल्स ने कहा कि अमेरिकी प्रशासन इन बैठकों को अमेरिकी निर्यात के लिए बाजार का विस्तार करने और व्यापार, ऊर्जा तथा विकास से जुड़ी अपनी प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने के एक अवसर के रूप में देखता है।

--आईएएनएस

केआर/

Share this story

Tags